करारा जवाब : सत्ता के लिए छटपटा रही है कांग्रेस, पूरा नहीं होने वाला है सपना
पथ निर्माण मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नंद किशोर यादव ने कहा कि कांग्रेस इस भम्र में न रहे कि नीतीश कुमार उनकी पार्टी के साथ जाएंगे।
पटना [जेएनएन]। आम चुनाव अगले साल होने वाला है। और अभी से बिहार समेत देश के कई राज्यों में जोड़ तोड़ की राजनीति शुरू हो गई है। हर पार्टी सत्ता पर काबिज होने को बेताब है। यह तो आने वाला समय ही बताएगा कि किसे सत्ता मिलेगी और किसे नहीं। लेकिन हर दलों के नेता अपने हिसाब में लग चुके है।
बिहार में काग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर दिए बयान पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से पलटवार आ गया है। बिहार सरकार में पथ निर्माण मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नंदकिशोर यादव ने कहा कि नीतीश कुमार हमारे साथ हैं। उन्होंने कहा कि काग्रेस सत्ता के लिए छटपटा रही है। लेकिन काग्रेस का यह सपना पूरा नहीं होने वाला है।
दरअसल मंत्री नंदकिशोर यादव ने यह बयान पटना में दिया है। वह मुंगेरीलाल की पुण्यतिथि के राजकीय समारोह के दौरान बोल रहे थे। मंत्री नंदकिशोर यादव ने माल्यार्पण कर मुंगेरीलाल को श्रद्धाजलि दी। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के बिहार दौरे पर नंदकिशोर यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव और संगठन की मजबूती को लेकर यह बिहार दौरा होगा।
गौर हो कि बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को भले ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पसंद नहीं हैं, लेकिन काग्रेस को नीतीश कुमार पसंद है। काग्रेस आलाकमान को वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में नीतीश कुमार का साथ देना चाहिए, यह बिहार काग्रेस का प्रस्ताव है।
बिहार काग्रेस के प्रभारी अध्यक्ष कौकब कादरी, नेता विधायक दल सदानंद सिंह और विधानपरिषद में काग्रेस विधायक दल के नेता मदन मोहन झा की संयुक्त बैठक में इस प्रस्ताव पर मुहर लगी है। बैठक के बाद सदानंद सिंह ने कहा कि बिहार काग्रेस की सोच है कि आलाकमान को नीतीश का साथ देना चाहिए।
ऐसे में सवाल यह भी उठने लगा है कि क्या काग्रेस बिहार में माइनस राजद कोई नया गठबंधन बनाना चाहती है। इससे पहले बिहार काग्रेस के प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल भी कह चुकेहै कि भाजपा का साथ छोड़ने की शर्त पर जदयू का महागठबंधन में स्वागत करने की बात कर चुके हैं।