अशोक चौधरी का बड़ा बयान-राजद का पिछलग्गू ना बनें कांग्रेस
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी ने उपचुनाव को लेकर बड़ी बात कह दी है। उन्होंने कहा है कि गठबंधन को लेकर कांग्रेस, राजद का पिछलग्गू ना बन जाएं।
पटना [जेएनएन]। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी ने बड़ा बयान दिया है। उपचुनाव को लेकर कांग्रेस नेता अशोक चौधरी ने कहा है कि अररिया-भभुआ की सीट कांग्रेस को मिलनी चाहिए। कांग्रेस को राजद का पिछलग्गू बनकर नहीं रहना चाहिए। अररिया सीट पर चुनाव लड़ने से राष्ट्रीय स्तर पर जाएगा मैसेज।
पिछले कई वर्षो से राजद ने कांग्रेस को कुछ नहीं दिया है। उन्होंने राजद से गठबंधन पर सवाल उठाते हुए कहा है कि राजद को गठबंधन करना है तो सम्मानजनक बात करे। एेसा नहीं हो कि कांग्रेस राजद का पिछलग्गू बन कर रहेगा। उन्होंने आलाकमान से वर्तमान प्रभारी प्रदेश अध्यक्ष कौकब कादरी के बारे में भी विचार करने की बात कही है।
अशोक चौधरी ने कहा है कि या तो कौकब कादरी को पूरी तौर पर प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेवार दे दिया जाए या फिर जिन्हें अध्यक्ष बनाना है उनके लिए विचार करें।
बता दें कि उपचुनाव की तीन सीटों को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के बीच घमासान मचा है। राजद और कांग्रेस के बीच भभुआ सीट को लेकर पेंच फंसा है। क्योंकि राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने एेलान किया था कि तीनों सीट पर राजद चुनाव लड़ेगी। लेकिन कांग्रेस भभुआ सीट पर अपना उम्मीदवार उतारने की बात कर रही है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सदानंद सिंह ने आज ही एेलान किया है कि भभुआ सीट पर कांग्रेस अपना उम्मीदवार उतारेगी। अब देखना होगा कि भभुआ सीट को लेकर राजद कांग्रेस के बीच जिच छिड़ती है या गठबंधन की शर्तों को पूरा करने के मसले पर समझौता हो जाएगा।