कांग्रेस के 'भक्त' ने बताया भाजपा को 'रावण', कहा- साजिश कर करवाया लालकिले का अपमान
कांग्रेस के बिहार प्रभारी भक्त चरण दास ने कहा- राम के नाम वोट लेकर किसानों के साथ रावण जैसा काम कर रही भाजपा बिहार कांग्रेस प्रभारी बोले धान और गन्ना किसानों की दुश्वारियों को लेकर सड़क पर उतरेगी कांग्रेस
पटना, राज्य ब्यूरो। Bihar Politics: बिहार कांग्रेस प्रभारी भक्त चरण दास ने भाजपा पर कई संगीन आरोप लगाये हैं। उन्होंने सरकार पर कृषि कानून को लेकर किसानों की मांगों की अनदेखी किए जाने आरोप लगाया। केंद्र सरकार को निशाना बनाते हुए कहा कि राम के नाम पर वोट लेकर भाजपा किसानों के साथ रावण जैसा काम कर रही है।
लाल किले पर तिरंगे के अपमान के लिए बताया भाजपा को जिम्मेदार
बकौल दास, बिहार के किसानों के हित में कांग्रेस प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करेगी। दास ने प्रधानमंत्री नरेंद मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर षड्यंत्र कर लाल किले पर तिरंगे का अपमान करने का आरोप लगाए। कहा कि संसद गूंगी हो गई है। विपक्ष के सांसदों को दबाया जा रहा है।
किया दावा- किसानों के आंदोलन का केंद्र बनेगा बिहार
बिहार के 14 जिलों के दौरे के बाद भक्त चरण दास सदाकत आश्रम स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से रूबरू थे। दास ने कहा कि आने वाले दिनों में बिहार किसानों की लड़ाई का केंद्र बिंदु बनेगा। कांग्रेस पार्टी किसानों के बीच से नेता निकालेगी। किसानों के मसले पर हम बिहार बंद करेंगे। उन्होंने कहा कि तीनों कृषि कानून गलत है। इसे वापस लेने से केंद्र सरकार की मर्यादा नहीं गिरेगी। भााजपा को किसानों को झुकाने की जिद छोड़नी होगी।
बिहार सरकार पर भी जड़ा किसान विरोधी होने का आरोप
दास ने सरकार पर चीनी मिल मालिकों से साठगांठ कर गन्ना किसानों के शोषण उत्पीडऩ करने का आरोप लगाया। कहा कि बिहार में चार वर्षों से गन्ना समर्थन मूल्य में वृद्धि नहीं की गई। मिलों में पेराई समाप्त होने को है लेकिन गन्ना समर्थन मूल्य घोषित नहीं किया गया। सरकार ने किसानों की स्थिति बदतर कर दी है। किसान प्रतिदिन सौ रुपये भी नहीं कमा रहे हैैं। धान खरीद नहीं हो रही है। एमएसपी के नाम पर अन्याय किया जा रहा। कृषि आधारित उद्योग के लिए पहल नहीं हो रही।