बिहार की राजनीति में 'कोलाज वार', सम्राट को नीतीश पसंद, पर्दे से झांक रहे तेजस्वी यादव
बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक्स पर तस्वीरों के दो कोलाज पोस्ट किया। इसमें उन्होंने नीतीश कुमार और लालू परिवार को दिखाया। कोलाज में विकास के सर-ओ-साज के साथ हाथ जोड़े नीतीश कुमार हैं। संभवत सम्राट बता रहे हैं कि एनडीए में मुख्यमंत्री पद के दावेदार नीतीश कुमार ही है।

राज्य ब्यूरो, पटना। राजनीति में उलाहना-आलोचना तो सार्वकालिक चलन है, जो बिहार में चुनावी वर्ष में कड़वे कटाक्ष में परिणत हो रही है। ताजा उदाहरण उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी प्रस्तुत कर रहे, जो एक बनाम साढ़े पांच सीएम का कटाक्ष है।
एक्स पर पोस्ट किया तस्वीरों को दो कोलाज
मंगलवार को सम्राट चौधरी ने एक्स पर तस्वीरों के दो कोलाज प्रदर्शित करते हुए उन्होंने लिखा है कि बिहार को साढ़े पांच सीएम नहीं चाहिए। इस व्यंग्य से संबंधित कोलाज में लालू परिवार के सदस्य उकेरे गए हैं। सम्राट उन्हें ही मुख्यमंत्री पद का दावेदार बता रहे।
कोलाज में दिख रहा लालू का परिवार
कोलाज में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद, बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, लोकसभा सांसद मीसा भारती, लालू की बेटी रोहिणी आचार्य और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेजप्रताप यादव एक-एक अदद बताए जा रहे।
बिहार को नहीं चाहिए साढ़े पांच सीएम!#LaluFamily pic.twitter.com/73EfUeRECp
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) May 6, 2025
पर्दे के पीछे झांकते दिख रहे तेजस्वी यादव
सबसे बड़ी बात यह है कि कोने में पर्दे के पीछे से झांकते छोटे कद में नेता प्रतिपक्ष व राज्य के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को उकेरा गया है। कद की कम ऊंचाई उन्हें आधा अदद सिद्ध करने के उद्देश्य से है।
एनडीए में एकमात्र दावेदार नीतीश कुमार
बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के एक्स पर जारी किए गए दूसरे कोलाज में विकास के सर-ओ-साज के साथ हाथ जोड़े नीतीश कुमार हैं। संभवत: इस तरीके से सम्राट यह बताना चाह रहे कि एनडीए में मुख्यमंत्री के एकमात्र दावेदार नीतीश कुमार हैं, जबकि महागठबंधन में राजद के भीतर ही कई चेहरे अवसर की ताक में हैं।
नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित हो रहा देश
इसके पहले भी सम्राट एक्स पर पोस्ट कर केंद्र व राज्य सरकार की प्रशंसा करते रहे हैं। हाल ही में उन्होंने लिखा था कि नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में आज हम दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने वाले हैं। 2028 तक तीसरे स्थान पर पहुंचने की ओर अग्रसर हैं।
विकास की ऊंचाइयों को छू रहा है भारत
उन्होंने लिखा कि IMF की वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक रिपोर्ट के मुताबिक, भारत जल्द ही जापान को पछाड़ते हुए विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। 'मेक इन इंडिया' और 'वोकल फॉर लोकल' जैसे मंत्रों के साथ देश ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है और प्रगति के नए आयाम स्थापित किये हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।