RSS संस्थापक के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएगी बिहार सरकार, कई जिलों में होंगे कार्यक्रम
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना में 'संघ सृजन का आविष्कार: युगप्रवर्तक डॉ. हेडगेवार' महानाट्य का उद्घाटन किया।

बापू सभागार में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन करते सम्राट चौधरी, मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी एवं अन्य। जागरण
HighLights
मुख्यमंत्री ने डॉ. हेडगेवार महानाट्य का पटना में किया शुभारंभ।
सरकार युवाओं को डॉ. हेडगेवार के विचारों से परिचित कराएगी।
महानाट्य का मंचन बिहार के अन्य जिलों में भी होगा।
जागरण संवाददाता, पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को बापू सभागार में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के अवसर पर नादब्रह्म संस्था नागपुर द्वारा निर्मित महानाट्य संघ सृजन का आविष्कार : युगप्रवर्तक डॉ. हेडगेवार' के मंचन कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में दो करोड़ से अधिक युवा हैं। नई पीढ़ी, विशेषकर जेन-जी को डॉ. हेडगेवार जी के जीवन, राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण और उनके विचारों से अवगत कराना आवश्यक है।
डॉ. हेडगेवार ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना कर संगठन और राष्ट्रसेवा की एक ऐसी परंपरा विकसित की, जो आगे चलकर देशभर में विस्तारित हुई।
संघ की शाखाओं के माध्यम से इससे जुड़े लोग राष्ट्रसेवा, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रसार के लिए निरंतर कार्य करते रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस महानाट्य का मंचन केवल पटना तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बिहार के अन्य जिलों में भी इसका आयोजन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक युवा इससे प्रेरणा प्राप्त कर सकें।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार डॉ. हेडगेवार के जीवन और विचारों से लोगों को परिचित कराने के लिए हर संभव प्रयास करेगी।
इस अवसर पर महानाट्य के निर्माता पद्माकर धानोरकर ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम को कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ बिहार-झारखंड के क्षेत्रीय कार्यवाह डॉ. मोहन सिंह ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, पटना नगर निगम की महापौर सीता साहू, पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद, बिहार भाजपा संगठन महामंत्री भीखूभाई दलसानिया, कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार, पटना मेडिकल कालेज एवं एवं अस्पताल के अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े लोग तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।
