बिहारियों पर कांग्रेस नेता की टिप्पणी से गरमाई सियासत, CM सम्राट ने कहा- माफी मांगे कांग्रेस
यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के बिहार के संदर्भ में दिए गए बयान पर सियासत तेज हो गई है। ...और पढ़ें

कांग्रेस से सीएम ने की माफी की मांग। फाइल
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार के लोगों को लेकर यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम की टिप्पणी पर बिहार की राजनीति गरमा गई है।
गौतम ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के बयान के संदर्भ में बिहारियों को लेकर विवादित टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि 'बेचारे बिहारियों को कुछ आता-जाता नहीं है। जो लिखकर स्क्रिप्ट दे देते हैं, उसे पढ़ देते हैं।
उन्होंने आगे भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए उन्हें 'चढ़ावा चोर' बताया और आरोप लगाया कि राम के नाम पर सत्ता तक पहुंचने वालों ने राम के चढ़ावे की चोरी की है।
उनके इस बयान पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कड़ी नाराजगी जताई है। दोनों नेताओं ने कांग्रेस नेतृत्व से बिहार की जनता और रामभक्तों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।
सम्राट चौधरी बोले- बिहार के स्वाभिमान और आस्था से समझौता नहीं
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने एक्स हैंडल पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बिहार और बिहारियों का अपमान तथा प्रभु श्रीराम के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी कांग्रेस की अहंकारी और नकारात्मक मानसिकता को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि बिहार ज्ञान, प्रतिभा, परिश्रम और स्वाभिमान की धरती है। प्रभु श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था और श्रद्धा के केंद्र हैं। ऐसे में बिहारवासियों और उनकी धार्मिक आस्था को लेकर इस तरह की टिप्पणी स्वीकार नहीं की जा सकती।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेतृत्व से बिहार की जनता और देश के करोड़ों रामभक्तों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिहार का स्वाभिमान और प्रभु श्रीराम के प्रति आस्था से कोई समझौता नहीं होगा। अपने संदेश के अंत में उन्होंने 'जय बिहार, जय श्रीराम' का नारा भी दिया।
संजय सरावगी ने कहा- 14 करोड़ बिहारवासियों का अपमान
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी राजेंद्र पाल गौतम के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इस टिप्पणी के जरिए 14 करोड़ बिहारवासियों का अपमान किया है। पार्टी को इसके लिए तुरंत माफी मांगनी चाहिए।
सरावगी ने कहा कि यूपी विधानसभा चुनाव में जनता इस अपमान का जवाब कांग्रेस को देगी। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से अपने नेता के बयान पर जवाब देने और बिहार की जनता से माफी मांगने की मांग की।
नितिन नवीन के बयान के संदर्भ में आया विवाद
राजेंद्र पाल गौतम की टिप्पणी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के बयान के संदर्भ में आई है। गौतम ने मीडिया से बातचीत में बिहारियों की क्षमता पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें जो स्क्रिप्ट लिखकर दी जाती है, वे वही पढ़ते हैं।
इसके साथ ही उन्होंने राम के नाम पर सत्ता हासिल करने और चढ़ावे की कथित चोरी का आरोप भी लगाया। इस बयान के बाद बिहार भाजपा ने इसे बिहारियों के सम्मान और धार्मिक आस्था से जोड़कर कांग्रेस को घेरा है।
राजेंद्र पाल गौतम के बयान पर सियासत
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।