विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'पूरा पुल ही नीतीशमय हो गया है', पोस्टर विवाद पर CM सम्राट ने दिया जवाब; विपक्ष पर करारा हमला

Published: Sat, 21 Nov 2026 02:57 PM (IST)

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वैशाली में नीतीश सेतु के लोकार्पण पर जनसभा को संबोधित किया, जहां उन्होंने बिहार के विकास, औद्योगिक विस्तार और शिक्षा योजनाओं पर प्रकाश डाला।  

वैशाली में कार्यक्रम को संबोध‍ित करते सीएम सम्राट चौधरी। वीड‍ियो ग्रैब

वैशाली में कार्यक्रम को संबोध‍ित करते सीएम सम्राट चौधरी। वीड‍ियो ग्रैब

HighLights

  1. नीतीश सेतु लोकार्पण पर सीएम सम्राट चौधरी का संबोधन।

  2. बिहार में उद्योग विस्तार, एक लाख रोजगार का लक्ष्य।

  3. कांग्रेस पर मतदाता सूची, राहुल गांधी के कार्यक्रमों को घेरा।

डिजिटल डेस्क, पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वैशाली में कच्ची दरगाह-बिदुपुर के बीच बने नीतीश सेतु का लोकार्पण किया।

इस दौरान आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विकास के एजेंडे के साथ विपक्ष पर भी जमकर निशाना साधा।

उन्होंने नीतीश कुमार की तस्वीर कार्यक्रम के पोस्टर-बैनर में नहीं होने के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि यह पूरा पुल ही नीतीशमय हो गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक विकसित भारत का सपना देखा गया है। वहीं नीतीश कुमार ने विकसित बिहार का सपना देखा है।

देश तभी विकसित होगा, जब बिहार समृद्ध होगा। उन्होंने कहा कि जब से उन्होंने मुख्यमंत्री पद संभाला है, अब लोग बिहार आना चाहते हैं। राज्य में सुशासन को आगे बढ़ाने के लिए सहयोग कार्यक्रम शुरू किया गया है।

10.50 लाख आवेदन, उद्योगों से एक लाख रोजगार का लक्ष्य

सम्राट चौधरी ने कहा कि 19 मई से शुरू हुए सहयोग कार्यक्रम में अब तक साढ़े 10 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनके समयबद्ध निष्पादन की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने कहा कि बिहार में अब उद्योग-धंधों का जाल बिछाने की तैयारी है। अभी तक बिजली, सड़क और पानी के क्षेत्र में नीतीश कुमार ने काम किया है। अब उद्योगों के विस्तार पर ध्यान दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक्स पार्ट्स और फूड प्रोसेसिंग जैसे क्षेत्रों में उद्योग स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए 1200 एकड़ जमीन अधिग्रहित की गई है। इन औद्योगिक गतिविधियों के माध्यम से करीब एक लाख लोगों को रोजगार देने का लक्ष्य है।

स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड से 18 हजार करोड़ की मदद

शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को अब तक 18 हजार करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए हैं। जननायक कर्पूरी ठाकुर के नाम पर स्किल यूनिवर्सिटी की स्थापना की जाएगी।

उन्होंने कहा कि बिहार के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए मॉडल स्कूल और सैनिक विद्या निकेतन खोले गए हैं। बच्चों की शिक्षा के लिए 24 घंटे व्यवस्था विकसित करने पर भी काम किया जा रहा है।

कांग्रेस के समय रेलवे को कितना मिलता था, आज एक लाख करोड़ की योजना

उन्होंने रेलवे और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में केंद्र सरकार के निवेश का उल्लेख करते हुए कहा कि यूपीए सरकार के समय रेलवे को दस वर्षों में जितनी राशि मिलती थी। 

आज केंद्र सरकार बिहार में रेलवे की एक लाख करोड़ रुपये की योजनाओं पर काम कर रही है। इसी तरह यूपीए शासनकाल में 50 हजार करोड़ रुपये की योजनाएं भी नहीं थीं, जबकि आज सड़कों पर बिहार में साढ़े चार लाख करोड़ रुपये की योजनाएं चल रही हैं।

SIR पर कांग्रेस को घेरा, राहुल गांधी के कार्यक्रम का भी उठाया मुद्दा

सम्राट चौधरी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राघोपुर के लोगों को कांग्रेस ने कभी दिल्ली नहीं बुलाया।

लेकिन SIR के समय उन्हें दिल्ली बुलाकर भोजन कराया और यह बताया कि उनका नाम मतदाता सूची से कट गया है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि चुनाव आयोग ने कांग्रेस के आरोपों को गलत साबित कर दिया।

उन्होंने कहा कि बिहार में 65 लाख लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने की बात कही गई, लेकिन एक भी ऐसा व्यक्ति सामने नहीं आया, जिसने यह साबित किया हो कि वह मतदान का पात्र था और चुनाव आयोग ने उसका अधिकार छीन लिया।

राहुल गांधी की सभा में मां और खरगे के आने पर पिता को लेकर टिप्पणी का आरोप

मुख्यमंत्री ने दरभंगा में राहुल गांधी के कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि वहां राहुल गांधी की स्वर्गीय मां के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग किया गया। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे आए तो उनके पिता के खिलाफ भी अपशब्द कहे गए।

सम्राट चौधरी ने कहा कि किसी के भी खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग किया जाए, बिहार की 14 करोड़ जनता उनके साथ खड़ी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।