विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गयाजी से थाईलैंड की अब डायरेक्ट फ्लाइट, CM सम्राट ने पहली उड़ान को दिखाई हरी झंडी

Published: Mon, 26 Oct 2026 04:58 PM (IST)

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गया जी से बैंकॉक के लिए इंडिगो की पहली सीधी अंतर्राष्ट्रीय उड़ान को हरी झंडी दिखाई। ...और पढ़ें

गया से बैंकॉक हवाई सेवा को हरी झंडी द‍िखाते सीएम सम्राट चौधरी, ड‍िप्‍टी सीएम व‍िजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव व अन्‍य। सौ-IPRD

गया से बैंकॉक हवाई सेवा को हरी झंडी द‍िखाते सीएम सम्राट चौधरी, ड‍िप्‍टी सीएम व‍िजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव व अन्‍य। सौ-IPRD

HighLights

  1. मुख्यमंत्री ने गया-बैंकॉक इंडिगो उड़ान को हरी झंडी दिखाई।

  2. बिहार की अंतर्राष्ट्रीय कनेक्टिविटी और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा।

  3. बौद्ध श्रद्धालुओं और मगध क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण पहल।

राज्य ब्यूरो, पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गया जी से बैंकॉक के लिए इंडिगो एयरलाइंस की पहली नाॅन-स्टाॅप अंतर्राष्ट्रीय उड़ान सेवा (6E 1083) का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।

इस नई हवाई सेवा से बिहार की अंतर्राष्ट्रीय कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी और विशेष रूप से मगध क्षेत्र में पर्यटन एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने यात्रा करनेवाले सभी यात्रियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बिहार में नागरिक उड्डयन के क्षेत्र में लगातार विस्तार किया जा रहा है।

'बिहार और थाईलैंड के बीच धार्मिक-सांस्‍कृत‍िक पर्यटन को म‍िलेगी गत‍ि'

गयाजी से बैंकॉक के लिए सीधी उड़ान शुरू होने से गयाजी का अंतर्राष्ट्रीय संपर्क और सुदृढ़ होगा। इससे भगवान बुद्ध की ज्ञान एवं करुणा की भूमि बिहार और थाईलैंड के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक तथा पर्यटन संबंधों को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गयाजी विश्वभर के बौद्ध श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए विशेष महत्व रखता है। सीधी अंतर्राष्ट्रीय उड़ान उपलब्ध होने से विदेशों से आने वाले पर्यटकों को सुविधा मिलेगी। 

इससे बोधगया सहित पूरे मगध क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं का विस्तार होगा। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था, होटल, परिवहन, हस्तशिल्प तथा अन्य पर्यटन आधारित व्यवसायों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि बिहार की समृद्ध संस्कृति, ऐतिहासिक विरासत और स्थानीय उत्पादों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए बेहतर हवाई संपर्कता महत्वपूर्ण है।

CM 2

'एयर कनेक्‍ट‍िव‍िटी को द‍िया जा रहा बढ़ावा'

मुख्यमंत्री ने इस पहल में सहयोग के लिए इंडिगो एयरलाइंस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में अंतर्राष्ट्रीय हवाई सेवाओं के विस्तार के लिए सहयोग और समन्वय को आगे भी प्रोत्साहित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पटना, दरभंगा, गयाजी और पूर्णिया एयरपोर्ट के माध्यम से एयर कनेक्टिविटी को बढ़ावा दिया जा रहा है। बिहार में नए अंतर्राष्ट्रीय मार्गों पर हवाई संपर्कता बढ़ाने की नीति पर काम किया जा रहा है।

इंडिगो एयरलाइंस से इस दिशा से सहयोग की अपेक्षा है। बेहतर हवाई संपर्कता से बिहार को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नई संभावनाओं से जोड़ने में मदद मिलेगी।

सप्‍ताह में दो दिन इंड‍िगो का व‍िमान भरेगा उड़ान 

गयाजी से बैंकाक के बीच यह उड़ान सेवा सप्ताह में दो दिन संचालित होगी। यह पहल बिहार को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर और अधिक सशक्त बनाने तथा राज्य के विकास को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।

कार्यक्रम में इंडिगो एयरलाइंस के स्पेशल डायरेक्टर आरके सिंह ने मुख्यमंत्री को हरित पौधा भेंटकर स्वागत किया। आरके सिंह ने मुख्यमंत्री को गयाजी-बैंकाक मार्ग पर इंडिगो एयरलाइंस की प्रथम नानस्टाप उड़ान का सांकेतिक रूप से बोर्डिंग पास भेंट किया।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, इंडिगो एयरलाइंस के स्पेशल डायरेक्टर आरके सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, सिविल विमानन विभाग के सचिव नीलेश रामचन्द्र देवरे आदि उपस्‍थ‍ित थे। 

यह भी पढ़ें- बिहार से थाइलैंड का सफर होगा आसान, 26 अक्टूबर से गयाजी से सीधी उड़ान; बैंकाक जाने में कितना समय और पैसा बचेगा?