अर्जुन मुंडा की मां के निधन की खबर से दुखी सीएम सम्राट चौधरी, शोक संदेश में कही भावुक बात
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने झारखंड के पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा की माता सायरा मुंडा के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं।

अर्जुन मुंडा की माता के निधन पर सीएम सम्राट ने जताया शोक। फाइल
HighLights
सीएम सम्राट चौधरी ने सायरा मुंडा के निधन पर शोक जताया।
उन्होंने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश पोस्ट कर संवेदना दी।
मां का साथ छूटना अपूरणीय क्षति, सीएम ने कहा।
राज्य ब्यूरो, पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता अर्जुन मुंडा की माता सायरा मुंडा के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।
उन्होंने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
एक्स पर पोस्ट कर जताई संवेदना
मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता अर्जुन मुंडा की पूज्य माताजी श्रीमती सायरा मुंडा के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है।
मां का स्नेह, आशीर्वाद और वात्सल्य जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका बिछड़ना ऐसा दुख है, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं है।

मां का साथ छूटना अपूरणीय क्षति: सम्राट
उन्होंने कहा कि मां का स्थान जीवन में सबसे विशिष्ट होता है। उनका स्नेह और आशीर्वाद व्यक्ति के जीवन की सबसे बड़ी ताकत होता है। ऐसे में मां का साथ छूटना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। साथ ही उन्होंने अर्जुन मुंडा सहित पूरे शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति और संबल प्रदान करने की कामना की।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश का समापन 'ॐ शांति' के साथ करते हुए दिवंगत आत्मा के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की। गौरतलब है कि झारखंड के पूर्व सीएम अर्जुन मुंड की मां का निधन सोमवार सुबह हो गया।
वे जमशेदपुर के टाटा मोटर्स अस्पताल में इलाजरत थीं। पूर्व केंद्रीय मंत्री की 91 वर्षीय माता जी काफी दिनों से बीमार चल रहीं थीं।