सीएम सम्राट चौधरी का बड़ा एलान, दरभंगा एयरपोर्ट पर बनेगा 4.5 किमी लंबा रनवे; पटना में लगेगी विद्यापति की आदमकद प्रतिमा
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दरभंगा में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के लिए 4.5 किमी लंबे रनवे के निर्माण की घोषणा की, जिससे उत्तर बिहार को वैश्विक हवाई संपर्क मिलेगा। उन्होंने पटना में महाकवि विद्यापति की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने और बिस्फी में विद्यापति मेमोरियल छह माह में पूरा होने की भी जानकारी दी।

मिलर हाईस्कूल में चेतना समिति द्वारा आयोजित 73वें विद्यापति स्मृति समारोह का उद्घाटन करते मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री नीतीश मिश्रा, बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी, पूर्व मंत्री विनोद नारायण झा व अन्य।
HighLights
दरभंगा एयरपोर्ट पर बनेगा 4.5 किमी लंबा अंतरराष्ट्रीय रनवे।
पटना में स्थापित होगी महाकवि विद्यापति की आदमकद प्रतिमा।
बिस्फी में विद्यापति मेमोरियल छह महीने में होगा तैयार।
जागरण संवाददाता, पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को कहा कि दरभंगा में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाने का काम शुरू हो गया है। यहां करीब 4.5 किलोमीटर लंबा रनवे तैयार किया जाएगा, जिस पर दुनिया के सभी प्रकार के विमान उतर सकेंगे। इससे उत्तर बिहार सीधे अंतरराष्ट्रीय हवाई संपर्क से जुड़ जाएगा।
मुख्यमंत्री ने पटना में महाकवि विद्यापति की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने की भी घोषणा की। वह मिलर हाईस्कूल में चेतना समिति की ओर से आयोजित दो दिवसीय 73वें विद्यापति स्मृति समारोह का उद्घाटन करने के बाद संबोधित कर रहे थे।
सीएम बोले- दरभंगा एयरपोर्ट से दुनिया से जुड़ेगा उत्तर बिहार
मुख्यमंत्री ने बताया कि अभी तक दरभंगा में घरेलू उड़ानों के लिए एयरपोर्ट का उपयोग होता था। अब अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के निर्माण के लिए राज्य सरकार ने भारत सरकार को जमीन सौंप दी है।
यहां करीब साढ़े चार किलोमीटर लंबा रनवे बनाया जाएगा। इसकी तुलना करते हुए उन्होंने कहा कि पटना एयरपोर्ट का रनवे लगभग तीन किलोमीटर लंबा है। दरभंगा में बड़े रनवे के निर्माण से अंतरराष्ट्रीय विमानों के परिचालन का रास्ता खुलेगा और उत्तर बिहार की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इससे राज्य की अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी।
सीएम ने कहा- छह महीने में तैयार होगा बिस्फी मेमोरियल
महाकवि विद्यापति के सम्मान और उनकी विरासत को संरक्षित करने की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जब वह उपमुख्यमंत्री थे, तब नगर विकास मंत्री नीतीश मिश्रा ने विद्यापति के जन्मस्थान बिस्फी में मेमोरियल बनाने का प्रस्ताव दिया था।
अब यह मेमोरियल अगले छह महीने में बनकर तैयार हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह स्वयं बिस्फी जाकर इसका उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही पटना में महाकवि विद्यापति की आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाएगी, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके साहित्यिक योगदान और सांस्कृतिक विरासत से परिचित हो सकें।
सीएम बोले- अब विद्यापति भवन में होगा सरकारी आयोजन
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले विद्यापति से जुड़े सरकारी कार्यक्रम श्रीकृष्ण मेमोरियल हाल के नीचे आयोजित होते थे। मंत्री संजय सरावगी, विनोद नारायण झा और चेतना समिति के अध्यक्ष विवेकानंद झा सहित अन्य लोगों से विचार-विमर्श के बाद अब विद्यापति भवन में ही सरकारी आयोजन की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कलाकारों को सम्मान और आर्थिक सहयोग देने के लिए मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना शुरू किए जाने की भी जानकारी दी।
सीएम ने मैथिली भाषा की प्राचीनता का किया उल्लेख
चेतना समिति के गठन के वर्ष 1954 का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने संस्था को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बिहार ज्ञान, साहित्य, कला और संस्कृति की धरती है। मां सीता द्वारा बोली जाने वाली मैथिली सबसे प्राचीन भाषाओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने मैथिली में संविधान प्रकाशित कराने के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया। उन्होंने बताया कि नई शिक्षा नीति के तहत राज्य में कक्षा एक से छह तक स्थानीय भाषा के रूप में मैथिली की पढ़ाई शुरू की जा चुकी है।
शिक्षा मंत्री बोले- कक्षा पांच तक मैथिली में पढ़ सकेंगे छात्र
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि विश्वभर में मिथिला की संस्कृति की अपनी विशिष्ट पहचान और महत्ता है। महाकवि विद्यापति के काव्य में भक्ति, शृंगार और वैराग्य जैसे विभिन्न रसों का अद्भुत समन्वय मिलता है।
उन्होंने घोषणा की कि अब मैथिली भाषी छात्र-छात्राएं कक्षा एक से पांच तक की पढ़ाई मैथिली भाषा में कर सकेंगे। इससे बच्चों को अपनी मातृभाषा में शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा और क्षेत्रीय भाषा-संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।
सीएम की मौजूदगी में विद्यापति को बताया मिथिलावासियों का कंठहार
नगर विकास मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि महाकवि विद्यापति मिथिलावासियों के कंठहार थे। उनकी रचनाएं आज भी मिथिला के जनजीवन, भाषा और संस्कृति में गहराई से रची-बसी हैं।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, नगर विकास मंत्री नीतीश मिश्रा, बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी, पूर्व मंत्री विनोद नारायण झा और चेतना समिति के अध्यक्ष विवेकानंद झा ने संयुक्त रूप से किया। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी भी समारोह में मौजूद रहे। इससे पहले बिहार की प्रथम महिला सबीहा हसनैन ने परिसर में लगी पुस्तक एवं कला प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।
सीएम के कार्यक्रम में पांच विभूतियों को मिला सम्मान
समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली पांच विभूतियों को सम्मानित किया गया। प्रो. राम गुलाम मिश्र को संस्कृत भाषा एवं साहित्य, सुरेंद्र नारायण यादव को संगीत एवं रंगमंच तथा प्रो. सोनी झा को मिथिला चित्रकला एवं लोककला सम्मान प्रदान किया गया। वहीं डा. संत कुमार चौधरी को चेतना समाज सेवा और विवेकानंद ठाकुर को चेतना सेवी सम्मान से अलंकृत किया गया।
सीएम के समारोह में गीत-संगीत और लोकनृत्य ने मोहा मन
दो दिवसीय समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। गायक जय झा, डा. रंजना झा, अरुणीता झा, विजय कपूर और मुस्कान ने अपनी प्रस्तुतियां दीं।
महाकवि विद्यापति के लोकप्रिय गीतों के साथ झिझिया, जट-जटिन नृत्य और उनके पदों पर आधारित भावनृत्य प्रस्तुत किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से मिथिला की समृद्ध लोक एवं शास्त्रीय सांस्कृतिक परंपरा की खूबसूरत झलक देखने को मिली।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।