विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोपालगंज के रिया-भवानी की वर्ल्ड चैंपियनशिप उड़ान में पैसे बने रोड़ा, CM सम्राट चौधरी ने ऐसे दूर की बड़ी मुश्किल

Published: Sun, 06 Sep 2026 12:25 PM (IST)

गोपालगंज की ताइक्वांडो खिलाड़ी रिया सिंह और भवानी सिंह को वर्ल्ड ताइक्वांडो पूमसे चैंपियनशिप 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने ...और पढ़ें

ताईक्वांडो चैंपियन​शिप में देश का प्रतिनि​धित्व करेंगे भवानी और रिया। फाइल

ताईक्वांडो चैंपियन​शिप में देश का प्रतिनि​धित्व करेंगे भवानी और रिया। फाइल

HighLights

  1. रिया-भवानी का वर्ल्ड ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2026 के लिए चयन।

  2. मुख्यमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों को दो-दो लाख रुपये दिए।

  3. दक्षिण कोरिया में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी गोपालगंज की बेटियां।

राज्य ब्यूरो, पटना। गोपालगंज के दो प्रतिभाशाली ताइक्वांडो खिलाड़ियों रिया सिंह और भवानी सिंह के लिए आर्थिक परेशानी अब उनकी प्रतिभा के रास्ते में बाधा नहीं बनेगी।

दोनों खिलाड़ियों का चयन दक्षिण कोरिया में आयोजित होने वाली World Taekwondo Poomsae Championship 2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में दोनों खिलाड़ी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दोनों खिलाड़ियों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

एक्स पर पोस्ट कर सीएम ने की घोषणा 

मुख्यमंत्री ने अपने एक्स हैंडल के माध्यम से इसकी जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा कि गोपालगंज के प्रतिभाशाली खिलाड़ी भवानी सिंह एवं रिया सिंह का दक्षिण कोरिया में आयोजित वर्ल्ड ताईक्वांडो पूमसे चैंपियनशिप 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चयन हुआ है।

यह बिहार और देश के लिए गर्व का विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए व्यक्तिगत स्तर पर आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

खिलाड़ियों की ओर से यात्रा और अन्य आवश्यक खर्चों के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया था। उनके आग्रह को स्वीकृति प्रदान करते हुए दोनों खिलाड़ियों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश और बिहार का नाम रोशन करें।

2023 से ताइक्वांडो में लगातार कर रहे शानदार प्रदर्शन 

sports

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी से रिया सिंह और भवानी सिंह ने मुलाकात की थी। दोनों का मंत्री ने सम्मान किया। उन्होंने बताया कि पिछले कई वर्षों से ताइक्वांडो फ्रीस्टाइल पुमसे में लगातार मेहनत कर रहे हैं।

दोनों खिलाड़ियों ने वर्ष 2023 से राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी पहचान बनाई है। राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक समेत कई उपलब्धियां हासिल करने के बाद अब उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है।

दोनों खिलाड़ियों के विश्व चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में चयन से गोपालगंज के खेल प्रेमियों में भी खुशी का माहौल है। खिलाड़ियों के स्वजन और प्रशिक्षकों को उम्मीद है कि वे दक्षिण कोरिया में भी शानदार प्रदर्शन कर देश के लिए पदक जीतने में सफल होंगे।

16 से 21 सितंबर तक चिन्चुन में होगी विश्व चैंपियनशिप

World Taekwondo Poomsae Championship 2026 का आयोजन दक्षिण कोरिया के चिन्चुन शहर में 16 से 21 सितंबर 2026 तक किया जाएगा।

शिक्षा मंत्री ने सोशल मीडिया पर दोनों खिलाड़ियों के चयन पर खुशी जताई। उन्होंने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि गोपालगंज की धरती के दो होनहार सितारे अब विश्व पटल पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आर्थिक कठिनाइयां दोनों खिलाड़ियों की प्रतिभा के मार्ग में बाधा न बनें, इसके लिए शिक्षा विभाग और बिहार सरकार की ओर से आवश्यक सहयोग एवं पहल सुनिश्चित की जाएगी।

दोनों खिलाड़ियों के अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चयन ने यह भी उम्मीद जगाई है कि बिहार के छोटे शहरों और गांवों से निकलने वाली खेल प्रतिभाओं को उचित प्रोत्साहन और सहयोग मिलने पर वे विश्व मंच तक अपनी पहचान बना सकती हैं।