सबकी सहभागिता से ही खत्म होगी सामाजिक कुरीतियां: नीतीश
सीएम नीतीश ने कहा कि सरकार ने दहेज और बाल विवाह के खिलाफ जो अभियान आरंभ किया है, उसमें सबकी सहभागिता जरूरी है, तभी समाज से इन कुरीतियों का उन्मूलन हो सकेगा।
पटना [राज्य ब्यूरो]। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को कहा कि सामाजिक कुरीतियों को खत्म करने की दिशा में सभी लोग आगे आएं। सरकार ने दहेज और बाल विवाह के खिलाफ जो अभियान आरंभ किया है ,उसमें सबकी सहभागिता जरूरी है। जब सभी लोग इस अभियान के लिए एकजुट होंगें तभी समाज से इन कुरीतियों का उन्मूलन हो सकेगा।
नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद कक्ष के आगे एक रथ को हरी झंडी दिखाने के बाद यह बातें कहीं। रथ के माध्यम से दहेज और बाल विवाह के खिलाफ संदेश लोगों के बीच प्रसारित होंगे। उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, सहकारिता मंत्री राणा रंधीर, विधायक श्याम रजक, जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार और मुख्य सचिव अंजनी कुमार सिंह भी इस मौके पर मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों में जागरूकता आने से दहेज और बाल विवाह के खिलाफ चल रहे अभियान को अधिक सफलता मिलेगी। 21 जनवरी को इस अभियान के समर्थन मानव शृंखला बनाई जा रही है। इसमें भी मीडिया के सहयोग की जरूरत है।
उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि बिहार देश में पहला राज्य है जहां आर्थिक प्रगति के साथ ही साथ सामाजिक सुधार की दिशा में भी काम चल रहा है।