सीएम नीतीश की चेतावनी- काम नहीं करने वाले अधिकारी बख्शे नहीं जाएंगे
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि बिहार में काम ना करने वाले अधिकारी बख्शे नहीं जाएंगे। एेसे अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पटना [जेएनएन]। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सीधे शब्दों में कहा है कि जो अधिकारी काम करने में कोताही बरतेंगे उनपर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एेसे में अब काम ना करने वाले अधिकारियों की खैर नहीं है। मुख्यमंत्री ने बुधवार को राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों से दो टूक कहा है कि काम ना करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए, जिससे राज्य के विकास की गति तेज हो सके।
बिहार में नई सरकार के गठन के बाद मुख्यमंत्री ने बुधवार के अपने नए कैबिनेट के मंत्रियों के साथ समीक्षा बैठक की उसके बाद शाम में उन्होंने सभी विभागों के प्रधान सचिवों के साथ बैठक की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट चेतावनी दी कि काम नहीं करने वाले अधिकारी बख्शे नहीं जाएंगे। मुख्यमंत्री ने बैठक में विकास की गति को और तेज करने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा, 'वर्ष 2016-17 में बिहार में विकास की वर्तमान दर की 14.8 और स्थिर दर की 10.32 प्रतिशत है। बिहार में दोहरे अंक की विकास दर है, यह खुशी की बात है। बिहार में प्रति व्यक्ति आय में वर्तमान दर में 13.15 फीसदी की वृद्धि हुई है। प्रति व्यक्ति आय के विकास में बिहार दूसरे नंबर पर है।'
मुख्यमंत्री ने कहा, 'बिहार में उच्च शिक्षा में नामांकन का अनुपात देश के मुकाबले कम है। उच्च शिक्षा में नामांकन बढ़ाना हमारा उद्देश्य है। इसी के तहत स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना शुरू की गई है, जिसकी समीक्षा भी जल्द होगी।' इसके साथ ही उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि भूमि संबंधी मामलों के निष्पादन में विशेष ध्यान दें, इससे समाज में शांति आएगी।
यह भी पढ़ें: जदयू का पलटवार- लालू का एक पैर जेल में तो दूसरा कब्र में है
इससे पहले मंत्रियों की बैठक में भी तेजी से विकास करने पर बल दिया गया। बैठक में यह भी तय हुआ कि राज्य के तेज गति से विकास के लिए विभिन्न योजनाओं में केंद्र सरकार से अधिक से अधिक सहायता हासिल करने के प्रयास तेज किए जाएं। बैठक में नीतीश कुमार के सात निश्चय सहित विभिन्न योजनाओं की भी विस्तृत चर्चा की गई।