जल-जीवन-हरियाली यात्रा में मोकामा व लखीसराय पहुंचे CM नीतीश, बाेले- विकास के साथ चल रहा समाज सुधार
नीतीश कुमार गुरुवार को जल-जीवन-हरियाली यात्रा के तहत पटना के मोकामा व लखीसराय के सूर्यगढ़ा में थे। इस दौरान वे जनता से रूबरू हुए तथा विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया।
पटना [जागरण टीम]। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि बिहार में विकास के साथ-साथ समाज सुधार के कार्य भी हो रहे हैं। सभी लोगों को इसमें सहभागी बनने की जरूरत है। बिहार में होने वाले कामकाज की देश ही नहीं विदेशों में भी चर्चा और सराहना हो रही है। यहां के कार्यों का केंद्र सरकार और अन्य राज्य भी अनुकरण कर रहे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जल-जीवन-हरियाली अभियान यात्रा के क्रम में गुरुवार को पटना जिले के मोकामा और लखीसराय जिले के सूर्यगढ़ा पहुंचे।
मोकामा में ऐतिहासिक पोखर माढ़ू का किया निरीक्षण
मोकामा में मुख्यमंत्री ऐतिहासिक पोखर माढ़ू निरीक्षण किया। कहा कि इसका कायाकल्प होने वाला है। इसे पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित किया जाएगा। इसका सुंदरीकरण और जीर्णोद्धार जल-जीवन- हरियाली योजना से किया जा रहा है। पोखर परिसर में मुख्यमंत्री ने पौधारोपण भी किया। पोखर पर लगाए गए जीविका दीदी द्वारा हस्त निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी को भी देखा। गंगा जल उद्भव योजना के प्रोजेक्ट स्टॉल का भी अवलोकन किया। जच्चा-बच्चा योजना, जीविका व आंगनबाड़ी केंद्र, रोजगार के लिए युवाओं को दिए जाने वाले ई-रिक्शा समेत अन्य लाभार्थियों को चेक भी सौंपे।
सूर्यगढ़ा में जागरूकता सम्मेलन को किया संबोधित
लखीसराय के सूर्यगढ़ा में जागरूकता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि बिहार में न्याय के साथ विकास हो रहा है। हर तबके के लोगों खासकर सबसे निचले पायदान पर खड़े लोगों के उत्थान के लिए कार्य किए जा रहे हैं। महिलाओं के दुख-दर्द को दूर करने के लिए शराब बंदी, बाल विवाह एवं दहेज प्रथा उन्मूलन जैसे समाज सुधार के कार्य भी किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण के प्रदूषित होने के कारण राज्य में बाढ़, सुखाड़, अतिवृष्टि, अनावृष्टि व भूजल के नीचे खिसकने के कारण उत्पन्न होने वाले जल संकट जैसी समस्याओं को दूर करने के लिए जल-जीवन-हरियाली अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत राज्य के सभी तालाबों, आहर, पइन, कुएं आदि को चिह्नित कर उन्हें अतिक्रमण मुक्त कराकर उनकी उड़ाही की जा रही है। ताकि, भूजल स्तर को नीचे जाने से रोका जा सके। इसके अलावा सरकारी भवनों एवं चापाकल के समीप सोख्ता का निर्माण कराया जा रहा है। पर्यावरण संरक्षण को लेकर राज्य में 24 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य है। उनमें से 19 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि विश्व के सबसे अमीर व्यक्ति बिल गेट्स ने बिहार आगमन पर जल-जीवन-हरियाली अभियान की सराहना करते हुए इसे अमेरिका, फ्रांस आदि देशों में भी चलाने जरूरत बताई थी। उन्होंने कहा कि बिहार में चलाई गई हर घर नल जल, जीविका एवं हर घर बिजली योजना का अनुकरण केंद्र सरकार ने भी किया है।
103 योजनाओं का उद्घाटन, 257 का शिलान्यास
इससे पहले मुख्यमंत्री ने सभा मंच से ही 49 करोड़ की लागत से 103 योजनाओं का उद्घाटन एवं 148 करोड़ 55 लाख की 257 योजनाओं का शिलान्यास किया। रामपुर गांव में जीर्णोद्धार किए गए तालाब एवं कुआं का निरीक्षण करते हुए पौधारोपण किया। विकास योजनाओं को लेकर विभिन्न विभागों के द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का भी मुख्यमंत्री ने अवलोकन किया।