सीएम नीतीश कुमार पहुंचे बाढ़ के पंडारक, पुराने सहयोगियों और कार्यकर्ताओं से कर रहे मुलाकात
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार से कार्यकर्ता जनसंपर्क यात्रा पर निकल गए हैं। वे अपने पुराने संसदीय क्षेत्र पहुंचे हैं। वहां अपने संंघर्ष के दिनों के साथियों कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर कर रहे हैं। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
पटना, जागरण टीम। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को एक नई यात्रा की शुरुआत की है। समाज सुधार अभियान के बाद वे अपने मित्रों, कार्यकर्ताओं से मिलने के कार्यक्रम में जुट गए हैं। सीएम का यह कार्यक्रम 12 मार्च से 14 मार्च तक चलेगा। शनिवार को सीएम सबसे पहले बाढ़ अनुमंडल के पंडारक प्रखंड के अंतर्गत पोखर पर पहुंचे। यहां अपने पुराने सहयोगियों एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उनके साथ जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह, जलसंसाधन मंत्री संजय झा भी है। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम मोकामा, घोसवरी और पंडारक प्रखंडों में है। बताया गया है कि 17 मार्च को सीएम अपने गृह जिले में समाज सुधार अभियान के क्रम में जाएंगे।
बता दें कि सीएम नीतीश कुमार लंबे समय तक बाढ़ क्षेत्र के सांसद रहे हैं। वे 13 और 14 मार्च को भी अलग-अलग क्षेत्रों का भ्रमण करेंगे। बाढ़ अनुमंडल के पंडारक प्रखंड के पोखर पर गांव में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर दौरान बाढ़ के एसडीओ कुंदन कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता अनिल कुमार आर्य, बीडीओ विपुल भारद्वाज, सीओ महेंद्र कुमार शुक्ला सहित कई पदाधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। वहां पंडाल का निर्माण किया जा रहा है।
जदयू एमएलसी नीरज कुमार का कहना है कि सीएम की इस यात्रा को कार्यकर्ता जनसंपर्क यात्रा कहा जा सकता है। उन्होंने बताया कि 17 साल से बिहार की मुख्यमंत्री की कुर्सी संभाल रहे नीतीश जी पुराने संसदीय क्षेत्र को भूले नहीं हैं। यहां से वे पांच बार सांसद रहे। यहां से उन्होंने देशभर में अपनी पहचान बनाई। इस क्षेत्र से उनका काफी लगाव रहा है। वे बाढ़ के स्भी प्रखंड में जाएंगे। इसको लेकर कार्यकर्ता काफी उत्साहित हैं।