मुख्यमंत्री ने बाललीला गुरुद्वारा में की लंगर सेवा
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 353वें प्रकाश पर्व का जायजा लिया।
पटना सिटी। सिख पंथ के प्रथम और दसवें गुरु के प्रकाश पर्व की चल रही तैयारियों का जायजा लेने बुधवार की दोपहर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना साहिब पहुंचे। कंगन घाट में निर्मित टेंट सिटी का निरीक्षण करने के बाद वे तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब आए। यहां के दरबार हॉल में मत्था टेक गुरुघर का आशीष लिया। उन्होंने बाललीला मैनीसंगत गुरुद्वारा में लंगर सेवा की। पंगत में बैठे संगतों के बीच परसादा बांटे। इस दौरान पूरा परिसर वाहे गुरु की खालसा, वाहे गुरु की फतेह से गूंज रहा था। उन्होंने बाललीला मैनीसंगत गुरुद्वारा में भी मत्था टेक गुरुघर का आशीष लिया। बाबा सुखविदर सिंह व गुरविदर सिंह ने सिरोपा देकर उन्हें सम्मानित किया और तलवार भेंट किया। सीएम के साथ पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव, जल संसाधन मंत्री संजय झा, महापौर सीता साहू तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी भी थे।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दशमेश गुरु के 353 वें तथा प्रथम गुरु नानक देव के 550 वें प्रकाशपर्व को लेकर कंगन घाट में श्रद्धालुओं को ठहराने के लिए बनाए जा रहे टेंट सिटी का निरीक्षण किया। उन्होंने टेंट सिटी के प्रशासनिक कार्यालय तथा रिसेप्शन हॉल को देखा। सीएम ने टेंट सिटी में बन रहे शौचालय तथा टेंट के अंदर संगतों के बेड की व्यवस्था के साथ लंगर हॉल को भी देखा। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आनेवाले संगतों कीसभी जरूरतों का ख्याल रखा जाए। उन्हें कोई असुविधा नहीं होनी चाहिए।
जत्थेदार ज्ञानी रंजीत सिंह गौहर-ए-मस्कीन ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सिरोपा देकर सम्मानित किया। इसके बाद सीएम गुरुद्वारा परिसर में यूके के गुरु नानक सेवक निष्काम सेवक जत्था के प्रमुख भाई साहिब भाई मोहिदर सिंह द्वारा चलाए जा रहे निर्माण कार्य को देख काम में तेजी लाने का निर्देश दिया। प्रोजेक्ट इंजीनियर बाबा इंद्रजीत सिंह ने उन्हें निर्माण कार्य की रूपरेखा से अवगत कराया। इसके बाद सीएम बिहार राज्य योजना पर्षद के उपाध्यक्ष जीएस कंग, प्रबंधक समिति के अध्यक्ष अवतार सिंह हित, महासचिव महेंद्र पाल सिंह ढिल्लन, सचिव महेंद्र सिंह छाबड़ा, कनीय उपाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह, सदस्य जगजोत सिंह, हरवंश सिंह, त्रिलोचन सिंह, सुमित सिंह कलशी के साथ बैठक कर दोनों प्रकाश पर्व की तैयारियों के संबंध में विचार-विमर्श किया।
निरीक्षण के दौरान सीएम के परामर्शी अंजनी कुमार सिंह, मुख्य सचिव दीपक कुमार, बिहार राज्य योजना पर्षद के उपाध्यक्ष जीएस कंग, पर्यटन विभाग के प्रधान सचिव रवि मनुभाई परमार, नगर विकास व आवास विभाग के सचिव आनंद किशोर, प्रमंडलीय आयुक्त संजय अग्रवाल, सीएम के सचिव मनीष कुमार वर्मा, अनुपम कुमार, डीएम कुमार रवि, एसएसपी गरिमा मलिक, पर्यटन विकास निगम के एमडी कंवल तनुज, वैशाली डीएम उदिता सिंह, एसपी जगुन्नाथ रेड्डी, निगमायुक्त अमित कुमार पांडे, पूर्वी एसपी जितेंद्र कुमार समेत अन्य मौजूद थे।