बाढ़ की आशंका को लेकर सीएम नीतीश ने किया अलर्ट, सुबह-शाम जलस्तर की हो मॉनीटरिंग
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को सूबे में बाढ़ की संभावित स्थिति और उससे निपटने की चल रही तैयारियों पर समीक्षा बैठक की। इस मौके पर उन्होंने जल संसाधन विभाग को कई निर्देश दिये
पटना [राज्य ब्यूरो]। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को सूबे में बाढ़ की संभावित स्थिति और उससे निपटने की चल रही तैयारियों पर समीक्षा बैठक की। इस मौके पर उन्होंने जल संसाधन विभाग को निर्देश दिया कि नदियों के जलस्तर पर नजर बनाए रखें। सुबह-शाम पूरी स्थिति की मॉनीटरिंग की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से निबटने में परेशानी नहीं हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मानक प्रक्रिया नियमावली (एसओपी) के हिसाब से अलर्ट पर रहें और सारी व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करें। नदियों के जल प्रवाह से बांध पर होने वाले प्रभाव को विशेष ध्यान में रखें। नदियों के डिस्चार्ज पर नजर भी जरूरी है। जल संसाधन विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग आपस में समन्वय बनाए रखे।
बैठक में जल संसाधन विभाग के अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह ने सूबे में अब तक के वर्षापात व तटबंधों की स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत ने बाढ़ की स्थिति से निपटने को की जा रही तैयारियों के बारे में बताया। भारतीय मौसम विज्ञान के प्रतिनिधि ने संभावित वर्षापात पर चर्चा की। मुख्य सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार, सचिव अनुपम कुमार और विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह भी इस मौके पर मौजूद थे।