पुलिस को नीतीश की नसीहत, कहा- पब्लिक की सुरक्षा जिम्मेवारी से करें, दे दी गई हैं सारी सुविधाएं
अश्वारोही सैन्य पुलिस के शताब्दी समारोह में सीएम नीतीश कुमार ने कहा- पुलिस को सभी सुविधाएं करा दीं मुहैया अब आमजन की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाए पुलिस।
आरा, जेएनएन। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि आपराधिक मामलों की जांच-पड़ताल नई तकनीक के आधार पर करें लेकिन इनके पुराने तौर-तरीके को कभी मत भूलिए। इनका जमकर इस्तेमाल कीजिए। थाने से लेकर पुलिस मुख्यालय तक आवश्यक सुविधाएं और संसाधन मुहैया करा दिए गए हैं । अब पुलिस आमजनों की सुरक्षा की अपनी जिम्मेदारी को ईमानदारी से निभाएं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ये बातें गुरुवार को आरा में अश्वारोही सैन्य पुलिस के शताब्दी समारोह में कहीं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 के अक्टूबर माह में अश्वारोही सैन्य पुलिस ने सौ वर्ष पूरे कर लिए हैं। देश की आजादी के बाद प्रथम गणतंत्र दिवस समारोह 1950 में पटना में अश्वारोही सैन्य बल का प्रदर्शन हुआ था। उन्होंने कहा कि परिस्थितियों में बदलाव जरूर हुआ है और नई तकनीक का प्रभाव बढ़ा है। लेकिन, किसी जमाने में अश्वारोही सैन्य पुलिस की कानून-व्यवस्था में बड़ी भूमिका थी। आज भी कानून व्यवस्था स्थापित करने में इसकी अहम भूमिका है और भविष्य में भी रहेगी। उन्होंने कहा कि अश्वारोही सैन्य बल की संख्या में वृद्धि करें, धन की कमी नहीं होगी।
नीतीश कुमार ने कहा कि अपराध की अलग-अलग घटनाओं की क्षेत्रवार समीक्षा कर उन्हें खत्म करने की कार्रवाई की जा रही है। वर्ष 2007 में नया एक्ट बना और सभी थानों में कानून व्यवस्था व जांच-पड़ताल की जिम्मेदारी अलग-अलग पदाधिकारियों को दे दी गई है। इससे मामलों की जांच का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जन-जागरूकता जैसे कार्यक्रमों को चलाने की भी बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आरा एक ऐतिहासिक जगह है। बाबू कुंवर ङ्क्षसह की याद शताब्दी समारोह में घोड़ों और घुड़सवारों के करतब देखकर ताजा हो गई। उनके साथ डीजीपी गुप्तेश्वर पाण्डेय, अश्वारोही सैन्य पुलिस महानिदेशक एसके ङ्क्षसघल, अपर मुख्य सचिव अमीर सुबहानी, प्रधान सचिव चंचल कुमार, जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा, एसपी सुशील कुमार समेत कई पदाधिकारी मौजूद थे।