Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

विधायकों से सीधे रू-ब-रू होंगे मुख्यमंत्री जीतनराम

मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने सोमवार से विधायक, सांसद व विधान पार्षदों से रू-ब-रू होकर उनके क्षेत्र की समस्याओं का ‘आन द स्पाट’ निदान करने का फैसला किया है।

By Mrityunjay Kumar Edited By: Updated: Mon, 24 Nov 2014 09:18 AM (IST)
Hero Image

पटना। मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने सोमवार से विधायक, सांसद व विधान पार्षदों से रू-ब-रू होकर उनके क्षेत्र की समस्याओं का ‘आन द स्पाट’ निदान करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री की इस पहल को दल के अंदर से उठ रहे उनके विरोध का जवाब समझा जा रहा है।

इस कड़ी में पहली बैठक मुख्यमंत्री सचिवालय के संवाद कक्ष में दरभंगा प्रमंडल के जनप्रतिनिधियों से होगी। कैबिनेट सचिवालय से विधायकों को बैठक के लिए आमंत्रण भेजा गया है। राजद विधायक दल के नेता अब्दुल बारी सिद्दिकी ने बताया कि उन्हें भी बैठक में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। मुख्यमंत्री के करीबी सूत्रों ने बताया कि इस बैठक में दरभंगा प्रमंडल के विधायक और विधान परिषद के सदस्यों से उनके क्षेत्र की समस्याओं को मांझी सुनेंगे। अगर संभव हुआ तो वहीं से उनके निदान के उपाय भी किए जाएंगे। इस बैठक में जिलों के प्रभारी मंत्री, प्रभारी सचिव के अतिरिक्त मुख्य सचिव, विकास आयुक्त और आरक्षी महानिदेशक सहित आला अफसर मौजूद रहेंगे। जीतन राम मांझी के मुख्यमंत्री बनने के बाद विधायकों की यह शिकायत काफी हद तक दूर हो गई कि उनको अपनी क्षेत्र की समस्याओं पर बात व इसके समाधान के लिए मुख्यमंत्री से समय नहीं मिल पाता है। फिर भी इस नई कवायद की दरकार थी। वैसे इस आयोजन को अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव और पार्टी केअंदर से मांझी के खिलाफ उठ रहे विरोध के स्वर का जवाब भी माना जा रहा है।