व्हाट्सएप मैसेज से उपजे तनाव में तीन दर्जन घर फूंके, फायरिंग
भोजपुर के शाहपुर में आपत्तिजनक संदेश को लेकर शुक्रवार को भी दो गुट आमने-सामने हो गए। पथराव के बाद पुलिस टीम पर फायरिंग की गई। कई घरों को नुकसान पहुंचा है।
भोजपुर [जेएनएन ]। शाहपुर थाना क्षेत्र के रानीसागर गांव में शुक्रवार को ईद के मौके पर उजागर एक आपत्तिजनक व्हाट्सएप मैसेज को लेकर दो समुदायों में तनाव उत्पन्न हो गया। यह तनाव शुक्रवार को हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। समुदाय विशेष के उपद्रवियों ने दूसरे समुदाय के तीन दर्जन घरों को फूंक दिया। उन्होंने वहां कैम्प कर रही पुलिस पर भी फायरिंग की। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोली चलाई।
हालात देखकर पुलिस को थोड़ी देर के लिए पीछे हटना पड़ा। इस दौरान कुछ मीडियाकर्मियों के कैमरे तोड़ दिए गए। उपद्रवियों की फायरिंग में मौके पर मौजूद जगदीशपुर के डीसीएलआर कुमार रविंद्र बाल-बाल बच गए।स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। भोजपुर के डीएम डाॅ. वीरेंद्र प्रसाद यादव एवं एसपी क्षत्रनील सिंह वहां दिनभर कैंप करते रहे। डीआइजी एम रहमान ने भी घटनास्थल का जायजा लिया।
व्हाट्सएप मैसेज से बिगड़ा था माहौल
बता दें कि बुधवार को रानी सागर गांव के एक युवक ने व्हाट्सएप पर एक आपत्तिजनक संदेश पोस्ट कर दिया था, जिससे आक्रोशित होकर दूसरे समुदाय के लोगों ने गुरुवार को को सड़क जाम कर दिया। पुलिस ने किसी तरह समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया। संदेश भेजने वाले युवक ने माफी भी मांग ली थी। लेकिन, शुक्रवार को फिर माहौल गर्म हो गया।
पढ़ेंः ससुराल में नहीं था शौचालय, नई दुल्हन ने भरी पंचायत में दिया तलाक
इलाके में कानून-व्यवस्था को बरकरार रखने हेतु पुलिस कैंप किए हुए थी। शुक्रवार को अचानक काफी संख्या में एक समुदाय के लोग सड़क पर आकर पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी लगे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसके बाद भीड़ की ओर से फायरिंग व पथराव शुरू हो गया। पुलिस को आत्मरक्षार्थ फायरिंग करते हुए पीछे हटना पड़ा।
विधायक व वरीय अधिकारी पहुंचे
सूचना मिलने पर पहुंचे डीएम वीरेंद्र प्रसाद यादव, शाहपुर विधायक मंटू तिवारी, एसपी छत्रनील सिंह सहित स्थानीय लोगों की शुक्रवार को बैठक हुई। डीआइजी एम रहमान भी वहां पहुंचे।
स्थिति नियंत्रण में
जगदीशपुर एसडीएम बालमुकुंद प्रसाद और एसडीपीओ द्वारिका पाल सहित पूरा प्रशासनिक अमला वहां लगातार कैंप किए हुए है। एसपी क्षत्रनील सिंह ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया है।
पढ़ेंः बिहारः अस्पताल में इलाज कराने आई महिला से 10 लोगों ने किया गैंग रेप