Move to Jagran APP

पटना में 91 केंद्रों पर होगी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा, 44 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी होंगे शामिल

UPSC 91 परीक्षा उप केंद्रों के लिए 30 जोन बनाए गए हैं। केंद्र के अनुसार स्थानीय निरीक्षण अधिकारियों और इतने ही सहायक पर्यवेक्षक सह स्टैटिक दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। कदाचारमुक्त परीक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

By Jagran NewsEdited By: Mohammad SameerSat, 27 May 2023 06:07 AM (IST)
पटना में 91 केंद्रों पर होगी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा, 44 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी होंगे शामिल
91 केंद्रों पर होगी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा।

जागरण संवाददाता, पटना: सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा 28 मई को पटना के 91 केंद्रों पर होगी। दो पालियों में होने वाली परीक्षा में 44 हजार 56 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा के सफल संचालन के लिए पांच वरीय आईएएस अधिकारियों को बतौर प्रेक्षक प्रतिनियुक्त किया गया है।

प्रमंडलीय आयुक्त सह सिविल सेवा परीक्षा के समन्वयी कुमार रवि ने श्रीकृष्ण स्मारक भवन में शुक्रवार को स्थानीय निरीक्षण अधिकारियों, दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, केंद्राधीक्षकों एवं अन्य की ब्रीफिंग में कहा कि कदाचारमुक्त परीक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

30 जोनल दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त

उन्होंने कहा कि इस परीक्षा की गरिमा एवं महत्ता को ध्यान में रखते हुए सभी दंडाधिकारियों एवं पदाधिकारियों को सक्रिय रहना होगा। 91 परीक्षा उप केंद्रों के लिए 30 जोन बनाए गए हैं। केंद्र के अनुसार स्थानीय निरीक्षण अधिकारियों और इतने ही सहायक पर्यवेक्षक सह स्टैटिक दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

आयुक्त ने दिया तैयारियों का जायजा लेने का निर्देश

आयुक्त ने कहा कि सभी अधिकारी संबंधित परीक्षा केंद्र पर 27 मई को भ्रमण कर तैयारी का जायजा ले लेंगे। साथ ही जिला के वरीय पदाधिकारियों की उपस्थिति में केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की स्पॉट ब्रीफिंग करेंगे।

डीएम डा. चंद्रशेखर सिंह, एसएसपी राजीव मिश्रा ने आयोग के दिशा-निर्देशों की बारीकियों को समझाया। यूपीएससी के प्रतिनिधि निरीक्षण अधिकारी एसके सिन्हा ने परीक्षा के सभी पहलुओं पर प्रकाश डाला।