'कुछ न कुछ गड़बड़ी हुई है, दोषियों पर कार्रवाई होगी', रोशन आनंद और खान कोचिंग विवाद पर बोले चिराग पासवान
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने पटना में रोशन आनंद और खान कोचिंग विवाद पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रथमदृष्टया ...और पढ़ें

चिराग पासवान। फोटो IANS
HighLights
चिराग पासवान ने रोशन आनंद-खान कोचिंग विवाद पर प्रतिक्रिया दी।
कहा, प्रथमदृष्टया गड़बड़ी हुई है, यह जांच का विषय है।
दोषियों पर कार्रवाई होगी, छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ नहीं।
राज्य ब्यूरो, पटना। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान मंगलवार को पटना पहुंने। यहां एयरपोर्ट पर स्थानीय मीडिया से बातचीत की।
इस दौरान उन्होंने चर्चित रोशन आनंद और खान कोचिंग विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रथमदृष्टया ऐसा लगता है कि कहीं न कहीं कुछ गड़बड़ी हुई है और यह पूरी तरह जांच का विषय है।
चिराग ने कहा कि राज्य सरकार मामले की गंभीरता से जांच करा रही है और जांच पूरी होने के बाद सच्चाई सामने आएगी। उन्होंने भरोसा जताया कि इस मामले में न्याय होगा और दोषी लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
लोजपा (रामविलास) अध्यक्ष ने कहा कि यह मामला पढ़ाई-लिखाई करने वाले छात्रों से जुड़ा है, इसलिए इसे हल्के में नहीं लिया जा सकता। छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ उचित नहीं है।
युवाओं की मेहनत और उनके सपनों की रक्षा करना सरकार और समाज दोनों की जिम्मेदारी है। चिराग ने कहा कि जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं और सभी तथ्यों को सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि जांच निष्पक्ष होगी और प्रभावित छात्रों को न्याय मिलेगा। साथ ही उन्होंने छात्रों और अभिभावकों से धैर्य बनाए रखने की अपील भी की।
उप्र से बिहार में ठगने आया फैजल खान : नीरज बबलू
सहरसा के धमसेना गांव में रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव के दाह संस्कार के बाद पीड़ित परिवार से विधायक नीरज कुमार बबलू ने मुलाकात की। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। मैं पहले भी कह चुका हूं कि यह फैजल खान फ्रॉड शिक्षक है। वह उत्तर प्रदेश से बिहार में ठगने के लिए आया है।
उन्होंने कहा कि रौशन आनंद शिक्षा देने का काम करता है। पटना में हुई फायरिंग मामले की भी गिरफ्तारी व अच्छे से जांच होनी चाहिए। प्रिंस के संदिग्ध मौत पर उन्होंने कहा कि यह दुखद घटना है। इसमें बड़ी साजिश की आशंका है।
उन्होंने कहा कि फैसल खान का पाकिस्तान व नेपाल से भी कनेक्शन हो सकता है। बिहार के बच्चों को ऐसे शिक्षक से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि मामले को विधानसभा में उठाया जाएगा। कानून के अनुसार दोषियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
