चिराग ने सीएम नीतीश से मुलाकात कर लिया आशीर्वाद, कहा- बचपना छोड़ें तेजस्वी
चिराग पासवान को बिहार लोजपा की कमान मिलने के बाद गुरुवार को वे पटना पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। लगे हाथ चिराग ने तेजस्वी को नसीहत भी दी।
पटना, जेएनएन। चिराग पासवान (Chirag Paswan) को बिहार लोजपा (LJP) की कमान मिलने के बाद गुरुवार को वे पटना पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) से मुलाकात की। चिराग ने उनसे आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी (Sushil Kumar Modi) से भी मिले। इतना ही नहीं, बाद में मीडिया से बात करते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) को नसीहत भी दी। कहा- बचपना छोड़ें तेजस्वी। बता दें कि चिराग को अभी बिहार लोजपा की कमान मिली है और पार्टी के स्थापना दिवस पर उन्हें पूरे लोजपा का दायित्व सौंपा जाएगा। इसके बाद चिराग लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन जाएंगे।
बिहार लोजपा की कमान संभालने के बाद केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान (Ram Vilas Paswan) के पुत्र जमुई सांसद चिराग पासवान गुरुवार को पटना पहुंचे। उन्होंने एक अणे मार्ग स्थित सीएम आवास जाकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। मुख्यमंत्री नीतीश ने चिराग को आशीर्वाद दिया तथा रामविलास पासवान के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। बताया जाता है कि सियासी बातचीत भी हुई।
बाद में चिराग पासवान ने मीडिया से बात की। लगे हाथ नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को नसीहत भी दी। उन्होंने कहा कि बड़े नेताओं की बातों को तेजस्वी मानें। वे बचपना छोड़ें। मनमर्जी करना गलत है। उन्होंने कहा कि बड़े नेताओं के सुझावों को मानने की जरूरत है।
लोजपा सांसद चिराग पासवान यहीं पर नहीं रुके। उन्होंने महागठबंधन में चल रही उठा-पटक पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि बिहार में अब महागठबंधन कहीं नहीं है। उन्होंने कहा कि अब महागठबंधन में हर कोई सीएम बनना चाहता है। उन्होंने कमेंट करते हुए कहा कि महात्वाकांक्षी नेताओं का जमावड़ा है महागठबंधन, जो उपचुनाव में बिखर गया है।