विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

CEC विवाद पर चिराग पासवान की दो टूक, विपक्ष के लिए नहीं, जनता के लिए स्थिति स्पष्ट करे आयोग

Published: Fri, 25 Sep 2026 12:05 PM (IST)

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े राजनीतिक विवाद पर चुनाव आयोग से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।

HighLights

  1. चिराग पासवान ने सीईसी विवाद पर चुनाव आयोग से स्थिति स्पष्ट करने को कहा।

  2. आयोग को स्वतंत्र संवैधानिक संस्था के रूप में अपनी बात रखनी चाहिए।

  3. जनता के मन में चुनावी प्रक्रिया पर संदेह नहीं होना चाहिए।

डिजिटल डेस्क, पटना। मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को लेकर राजनीतिक विवाद के बीच केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने चुनाव आयोग से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि यदि चुनावी प्रक्रिया को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं तो आयोग, खासकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त को अपनी बात मजबूती से रखनी चाहिए, ताकि आम जनता के मन में किसी तरह का संदेह पैदा न हो।

पटना में पत्रकारों से बातचीत में चिराग पासवान ने कहा कि सरकार का हिस्सा होने के नाते वह किसी व्यक्ति का बचाव नहीं करेंगे।

उन्होंने चुनाव आयोग को एक स्वतंत्र संवैधानिक संस्था बताते हुए कहा कि आयोग पर सवाल उठ रहे हैं तो इनका जवाब देने और स्थिति स्पष्ट करने की जिम्मेदारी भी उसी की है।

‘विपक्ष के लिए नहीं, जनता के लिए स्थिति स्पष्ट करें’

चिराग पासवान ने कहा कि विपक्ष क्या बोलता है, इससे ज्यादा महत्वपूर्ण यह है कि आम जनता के मन में चुनावी प्रक्रिया को लेकर किसी तरह का अविश्वास पैदा न हो।

उन्होंने कहा कि विपक्ष आरोप नहीं लगाएगा तो राजनीति कैसे करेगा, लेकिन चुनाव आयोग को विपक्ष को जवाब देने के लिए नहीं, बल्कि जनता को विश्वास में लेने के लिए अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की खूबसूरती इसी में है कि लोगों का चुनावी प्रक्रिया पर भरोसा बना रहे। यदि चुनावी प्रक्रिया को लेकर ही लोगों के मन में संदेह खड़ा हो जाए या विश्वास कमजोर पड़े तो यह उचित स्थिति नहीं होगी।

राहुल गांधी को नहीं आम जनता के मन का संदेह दूर करे आयोग 

उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग स्वतंत्र संवैधानिक संस्था है और उसके कामकाज को लेकर उठ रहे सवालों पर आयोग को खुद अपनी बात रखनी चाहिए।

चिराग ने कहा कि राहुल गांधी या विपक्ष को जवाब देने के लिए नहीं, बल्कि आम जनता के मन में किसी तरह का संदेह नहीं आए, यह सुनिश्चित करना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है।

यह भी पढ़ें- चिराग पासवान के सामने पटना में युवाओं ने खोला सवालों का पिटारा, रोजगार-पेपर लीक से शिक्षा और करियर तक उठे मुद्दे