माता-पिता ध्यान दें... बच्चे के आधार में ये गलती तो नहीं? सुधार कराने से पहले जान लें जरूरी नियम
Children's Aadhaar Card:अभिभावकों को बच्चों के आधार कार्ड की जानकारी नियमित रूप से जांचनी चाहिए, क्योंकि नाम या जन्मतिथि में ...और पढ़ें

गलती सुधारने से पहले जान लें बदलाव की सीमा
HighLights
बच्चों के आधार में नाम, जन्मतिथि की जांच आवश्यक।
नाम दो बार, जन्मतिथि एक बार ही बदल सकते।
स्कूल रिकॉर्ड से आधार विवरण का मिलान करें।
जागरण संवाददाता, पटना। बच्चों के आधार कार्ड को बनवाने के बाद उसकी जानकारी की जांच करना अक्सर अभिभावक भूल जाते हैं। लेकिन यही लापरवाही आगे चलकर परेशानी का कारण बन सकती है। नाम की स्पेलिंग, जन्मतिथि या अन्य जानकारियों में छोटी सी गलती भी स्कूल में नामांकन से लेकर परीक्षा और दूसरी जरूरी प्रक्रियाओं में दिक्कत पैदा कर सकती है।
खास बात यह है कि आधार में नाम और जन्मतिथि बदलने के अवसर भी सीमित हैं। ऐसे में अभिभावकों को बच्चों के आधार कार्ड की जानकारी दुरुस्त कराने से पहले विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
गलती सुधारने से पहले जान लें बदलाव की सीमा
पटना जीपीओ स्थित आधार सेवा केंद्र के इंचार्ज और डिप्टी पोस्ट मास्टर मनोज कुमार के अनुसार, आधार कार्ड में नाम अधिकतम दो बार बदला जा सकता है, जबकि जन्मतिथि में संशोधन का अवसर केवल एक बार मिलता है।
यही वजह है कि अभिभावकों को जल्दबाजी में आवेदन करने से बचना चाहिए। संशोधन के लिए आवेदन करने से पहले सभी दस्तावेजों में दर्ज जानकारी का मिलान कर लेना जरूरी है। गलत जानकारी के आधार पर आवेदन करने से आगे परेशानी हो सकती है।
स्कूल के रिकॉर्ड से आधार का मिलान जरूरी
इन दिनों स्कूलों में नामांकन और नए शैक्षणिक सत्र की तैयारियों के बीच आधार सेवा केंद्रों पर बच्चों के आधार में सुधार कराने वाले अभिभावकों की संख्या बढ़ी है। कई परिवारों को स्कूल के दस्तावेज और आधार कार्ड में दर्ज जानकारी का मिलान कराने के दौरान गलतियों का पता चल रहा है।
कहीं नाम की वर्तनी अलग है तो कहीं जन्मतिथि में अंतर है। इसी कारण अभिभावक समय रहते रिकॉर्ड दुरुस्त कराने के लिए जीपीओ स्थित आधार सेवा केंद्र पहुंच रहे हैं।
18 साल की उम्र के बाद भी न भूलें आधार अपडेट
बच्चों का आधार बनवाते समय अक्सर अभिभावकों के मोबाइल नंबर दर्ज कराए जाते हैं। लेकिन बड़े होने के बाद बच्चों को अपने मोबाइल नंबर की जरूरत पड़ती है। ऐसे में आधार में दर्ज पुराने मोबाइल नंबर को बदलकर बच्चे का अपना नंबर अपडेट कराने की सलाह दी जा रही है।
मनोज कुमार ने बताया कि 18 वर्ष की आयु पूरी होने के बाद भी आधार अपडेट कराना चाहिए। मोबाइल नंबर अपडेट रहने से ओटीपी आधारित सत्यापन और आधार से जुड़ी दूसरी सेवाओं का इस्तेमाल आसान होता है।
बायोमेट्रिक जानकारी में भी जरूरी है अपडेट
आधार कार्ड में केवल नाम, जन्मतिथि और मोबाइल नंबर ही महत्वपूर्ण नहीं हैं। बच्चों की उम्र बढ़ने के साथ बायोमेट्रिक जानकारी अपडेट कराने की जरूरत भी होती है। इसमें फोटो, अंगुलियों के निशान और आंखों की पुतली से संबंधित जानकारी शामिल है।
अभिभावकों को निर्धारित उम्र के अनुसार बायोमेट्रिक अपडेट का भी ध्यान रखना चाहिए। समय पर जानकारी अपडेट रहने से आगे आधार आधारित सेवाओं के इस्तेमाल में सहूलियत होती है।
जन्मतिथि में सुधार के लिए दस्तावेजों की पड़ रही जरूरत
जीपीओ आधार सेवा केंद्र पर अपने बेटे की जन्मतिथि में सुधार कराने पहुंचीं पुष्पा देवी ने बताया कि केंद्र पर उन्हें जन्म प्रमाण पत्र के साथ एफिडेविट लाने के लिए कहा गया है। उनके भाई एफिडेविट बनवाने गए हैं।
इसके बाद वह जन्मतिथि में सुधार के लिए प्रक्रिया पूरी कराएंगी। उन्होंने बताया कि स्कूल में आधार कार्ड मांगा जा रहा है और सही जन्मतिथि वाला आधार जमा करना जरूरी है।
इसी तरह अपनी बेटी के आधार कार्ड में जन्म का साल बदलवाने पहुंचीं प्रियंका देवी ने बताया कि आधार में बेटी का जन्म वर्ष 2010 दर्ज है, जबकि उसे 2013 कराना है।
इसके लिए उन्होंने जन्म प्रमाण पत्र और एफिडेविट बनवा लिया है। केंद्र पर उन्हें बताया गया कि प्रक्रिया में सात दिन लग सकते हैं और जन्मतिथि में बदलाव की स्वीकृति मिलना भी सुनिश्चित नहीं है।
जीपीओ में 12 डेस्क पर मिल रही आधार सेवा
पटना जीपीओ स्थित आधार सेवा केंद्र में लोगों की सुविधा के लिए 12 डेस्क संचालित हैं। यहां नए आधार कार्ड बनाने के साथ पुराने आधार में सुधार और अपडेट का काम भी किया जा रहा है। लोगों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए अलग-अलग डेस्क के माध्यम से आवेदन की प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है।
रविवार को भी दो डेस्क पर हो रहा काम
आधार सेवा केंद्र पर सामान्य दिनों के अलावा रविवार को भी लोगों को सुविधा दी जा रही है। रविवार को फिलहाल दो डेस्क संचालित रहते हैं। मनोज कुमार के अनुसार, यदि आने वाले दिनों में आवेदकों की संख्या और बढ़ती है तो रविवार के साथ अन्य दिनों में भी अतिरिक्त डेस्क बढ़ाए जा सकते हैं।
अभिभावक इन बातों की जरूर करें जांच
बच्चों के आधार कार्ड में दर्ज नाम, जन्मतिथि और मोबाइल नंबर का स्कूल व अन्य जरूरी दस्तावेजों से मिलान कर लेना चाहिए। इसके साथ ही बायोमेट्रिक अपडेट की जरूरत को भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
खासकर नाम और जन्मतिथि में बदलाव के सीमित अवसर को देखते हुए आवेदन से पहले प्रमाण पत्रों की अच्छी तरह जांच जरूरी है। समय रहते आधार की गलतियां दुरुस्त कराने से बच्चों को आगे शैक्षणिक और दूसरी जरूरी प्रक्रियाओं में अनावश्यक परेशानी से बचाया जा सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।