कल से कक्षा छह से 12वीं तक के बच्चों को दूरदर्शन से पढ़ाई, ऐसा होगा कक्षावार निर्धारित समय
कक्षा छह से लेकर 12वीं तक के बच्चों को दूरदर्शन के माध्यम से पढ़ाई करवाई जाएगी। लॉकडाउन के दौरान बिहार शिक्षा परियोजना ने यह निर्णय लिया है।
पटना, जेएनएन। लॉकडाउन के दौरान बिहार शिक्षा परियोजना ने अब कक्षा छह से लेकर 12वीं तक के बच्चों को दूरदर्शन के माध्यम से पढ़ाने का निर्णय लिया है। इसके लिए बिहार शिक्षा परियोजना ने मेरा दूरदर्शन, मेरा विद्यालय कार्यक्रम तैयार किया है। परियोजना की ओर से इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारियों, जिला कार्यक्रम अधिकारियों व स्कूलों के प्राचार्यों को निर्देश जारी कर दिया गया है। पहले केवल नौंवी व 10वीं के बच्चों को पढ़ाने की व्यवस्था थी। दूरदर्शन के माध्यम से पिछले 20 अप्रैल से नौंवी व 10वीं के बच्चों को पढ़ाया जा रहा है।
बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य परियोजना निदेशक संजय सिंह का कहना है कि चार मई से मेरा दूरदर्शन, मेरा विद्यालय कार्यक्रम के तहत दोबारा पढ़ाई शुरू की जाएगी। इस बार कक्षा छह से लेकर 12वीं तक के बच्चों की पढ़ाई होगी। इसके लिए अलग-अलग समय का निर्धारण किया गया है। परियोजना के अधिकारियों ने जिला शिक्षा अधिकारियों व जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों को इसकी सूचना पहले ही दे दी है। साथ ही सभी स्कूलों के प्राचार्यों से आग्रह किया गया है कि वे बच्चों व शिक्षकों तक सूचना पहुंचा दे ताकि प्रसारण के समय बच्चे टीवी देख सकें।
कक्षा और निर्धारित समय
कक्षा छह से आठ बजे : पूर्वाह्न नौ से 10 बजे
कक्षा नौंवीं व 10वीं : 11.05 से 12 बजे
कक्षा 11वीं से 12वीं : 10.05 से 11 बजे
पुनः प्रसारण की भी है व्यवस्था
10वीं व 12वीं के बच्चों के लिए पुन: प्रसारण की व्यवस्था की गई है। नौवीं व 10वीं के बच्चों के लिए पुन: प्रसारण तीन से पांच बजे तक होगा। वहीं 11वीं व 12वीं के लिए पुन: प्रसारण चार से पांच बजे तक किया जाएगा।