विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना जंक्शन से दिनदहाड़े गायब हो गया मासूम, सोते रह गए मां-बाप; RPF पर मदद न करने का आरोप

Published: Sat, 24 Oct 2026 09:50 AM (IST)

पटना जंक्शन पर बेगूसराय से आए एक दंपती का एक साल का बेटा लापता हो गया, जब वे ट्रेन का इंतजार करते हुए सो गए थे।

एआई से बनाई गई तस्वीर

एआई से बनाई गई तस्वीर

HighLights

  1. पटना जंक्शन से एक साल का मासूम लापता हुआ।

  2. सोते हुए मां-बाप की आंख लगने पर बच्चा गायब।

  3. रेल पुलिस पर मदद न करने का आरोप लगा।

जागरण संवाददाता, पटना। पटना जंक्शन पर एक बार फिर मासूम की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। दशहरा मेला घूमने बेगूसराय से पटना आए दंपती का एक साल का बेटा शुक्रवार को स्टेशन परिसर से लापता हो गया। परिवार गेट संख्या तीन के पास टिकट घर के नजदीक बैठकर ट्रेन का इंतजार कर रहा था।

सफर की थकान के बीच मां-बाप और परिवार के अन्य सदस्यों की आंख लग गई। जब दोपहर करीब एक से डेढ़ बजे के बीच नींद खुली, तो एक साल का बेटा गायब था। कुछ देर पहले तक परिवार के बीच मौजूद मासूम अचानक कहां चला गया, किसी को कुछ पता नहीं चला।

बच्चे की तलाश में परिवार ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। बेटे के लापता होने से मां का रो-रोकर बुरा हाल है। बेगूसराय निवासी सुधीर कुमार दो दिन पहले पत्नी और दो बच्चों के साथ पटना में दशहरा मेला घूमने आए थे।

RPF पर मदद न करने का आरोप

बच्चे के पिता सुधीर कुमार ने पटना जंक्शन रेल पुलिस पर अपेक्षित मदद नहीं करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बेटे के लापता होने के बाद वे रेल थाने पहुंचे, लेकिन उन्हें जिस तरह की सहायता मिलनी चाहिए थी, वह नहीं मिली।

पिता के अनुसार, शाम तक उनकी शिकायत भी दर्ज नहीं की गई थी। जानकारी के अनुसार स्वजन सबसे पहले स्टेशन मास्टर के पास गए थे। वहीं, रेल थाना प्रभारी का कहना है कि टिकट घर के पास सो रहे परिवार के बच्चे के लापता होने की सूचना मिली है।

इस संबंध में अब तक कोई आवेदन नहीं मिला है। मामले की जांच की जा रही है। जिस वक्त यह घटना हुई और बच्चे की मां रोते-बिलखते शिकायत करने थाना पहुंची थी। उस वक्त जीएम का मूवमेंट था। बच्चे की मां को रोते-बिलखते देख स्टेशन पर लोगों की भीड़ जुट गई।

पहले भी पटना जंक्शन से गायब हो चुके हैं बच्चे

जून 2025 में पटना जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या 10 पर बुकिंग काउंटर के पास से सीतामढ़ी निवासी एक महिला का ढाई साल का बेटा लापता हो गया था। रिपोर्ट के अनुसार, एक व्यक्ति बच्चे से घुल-मिल गया था। महिला के फोन में व्यस्त होने के दौरान वह बच्चे को लेकर चला गया।

बाद में पुलिस ने बच्चे को सीतामढ़ी जिले के खैरवा गांव से बरामद किया और मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी भी हुई। इसी तरह अगस्त 2025 में पटना जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या 10 पर वेटिंग हाल के पास से छह महीने का बच्चा गायब होने का मामला सामने आया था।

महिला के संपर्क में आया एक युवक बच्चे के साथ घुल-मिल गया था। महिला के वाशरूम जाने के दौरान बच्चा और युवक दोनों गायब हो गए। मामले में रेल पुलिस ने जांच की और बच्चे को बरामद कर लिया।

बच्चे की तस्वीर अलग-अलग स्टेशनों व थानों में भेजे गए

स्टेशन पर बच्चों की सुरक्षा के लिए रेलवे सुरक्षा बल, राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) और चाइल्ड हेल्प डेस्क की है। आरपीएफ इंस्पेक्टर साकेत कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं मिली है।

ऐसी घटना में तत्काल सीसीटीवी फुटेज देखा जाता है। जीआरपी में मामला दर्ज होने के बाद संयुक्त जांच की जाएगी। वहीं रेल पुलिस ने इस मामले में बच्चे की तस्वीर को अलग-अलग स्टेशनों व थानों में भेज दिए है।

यह भी पढ़ें- प्रेमी को लेकर भिड़ीं 2 युवतियां, प्रेमिका ने दांत से काटी लड़की की नाक; पटना में हाई-वोल्टेज ड्रामा

यह भी पढ़ें- भागलपुर पुलिस लाइन में फंदे से लटकता मिला दारोगा का शव, कुछ महीने पहले हुई थी शादी