छठ से पहले रेलवे का सिस्टम फेल! 24-26 घंटे की देरी से चल रहीं फेस्टिवल ट्रेनें; पटना जंक्शन पर अफरा-तफरी
लोक आस्था के महापर्व छठ से पहले पटना आने वाली ट्रेनें 24 से 26 घंटे तक विलंब से चल रही ...और पढ़ें

पटना जंक्शन पर अफरा-तफरी (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
छठ से पहले पटना आने वाली ट्रेनें 26 घंटे तक लेट।
यात्रियों की घर पहुंचने की योजनाएं पूरी तरह गड़बड़ा गईं।
पटना जंक्शन पर यात्रियों की भारी भीड़, अफरा-तफरी का माहौल।
जागरण संवाददाता, पटना। लोक आस्था के महापर्व छठ का अनुष्ठान कल से शुरू होने जा रहा है, लेकिन इससे पहले घर पहुंचने की यात्रियों की उम्मीद ट्रेनों की लेटलतीफी के कारण मुश्किल में पड़ गई है। दिल्ली, मुंबई, सूरत और हावड़ा समेत दूसरे शहरों से पटना आने वाली ट्रेनों की रफ्तार थम सी गई है। कई ट्रेनें 24 से 26 घंटे तक विलंब से चल रही हैं।
ऐसे में छठ पर अपने परिवार के साथ पर्व मनाने की तैयारी कर रहे लोगों की चिंता बढ़ गई है। जिन घरों में छठ की तैयारियां अंतिम चरण में हैं, वहां परदेस से आने वाले अपनों का इंतजार लंबा होता जा रहा है।
यात्रियों की पूरी यात्रा योजना गड़बड़ा गई
फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों से लेकर नियमित एक्सप्रेस और प्रीमियम ट्रेनों तक परिचालन की स्थिति बिगड़ी हुई है। लंबी दूरी की ट्रेनों के घंटों विलंब से चलने के कारण यात्रियों की पूरी यात्रा योजना गड़बड़ा गई है। छठ से ठीक पहले ट्रेनों की इस स्थिति ने रेलवे की व्यवस्था के साथ यात्रियों की परेशानी भी बढ़ा दी है।
पटना आने वाली सबसे ज्यादा विलंबित ट्रेनों में 04052 हावड़ा स्पेशल फेयर स्पेशल 25 घंटे 59 मिनट की देरी से चल रही है। वहीं, 04404 पटना जनसाधारण फेस्टिवल स्पेशल 25 घंटे 54 मिनट विलंबित है।
यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति
आनंद विहार टर्मिनल से आने वाली 04478 भागलपुर फेस्टिवल स्पेशल 24 घंटे 32 मिनट और 22362 राजेंद्र नगर टर्मिनल अमृत भारत एक्सप्रेस करीब 24 घंटे की देरी से पहुंच रही है। वहीं, ट्रेनों की देरी के साथ पटना जंक्शन पर यात्रियों की भीड़ ने भी मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
दूसरे प्रदेशों की ओर जाने वाली ट्रेनों में सवार होने के लिए यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन रही है। जनरल और स्लीपर कोच के दरवाजों पर यात्रियों का हुजूम उमड़ रहा है। कई यात्री ट्रेन के प्लेटफार्म पर लगने से पहले ही कोच में जगह पाने की उम्मीद में इंतजार करते नजर आ रहे हैं।
राजधानी और सुपरफास्ट ट्रेनों की रफ्तार भी सुस्त
लंबी दूरी की नियमित ट्रेनों का हाल भी कुछ बेहतर नहीं है। मुंबई के सीएसएमटी से आने वाली 22360 पटना सुपरफास्ट एक्सप्रेस 9 घंटे 32 मिनट, मुंबई एलटीटी से आने वाली 12336 भागलपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस 8 घंटे 27 मिनट और सूरत से आने वाली 22947 भागलपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस 8 घंटे 49 मिनट विलंब से चल रही है।
दिल्ली से पटना आने वाली 04088 पटना स्पेशल 10 घंटे 41 मिनट और 04078 दरभंगा अमृत भारत छठ पूजा स्पेशल 9 घंटे 43 मिनट की देरी से संचालित हो रही है। वहीं, 15657 ब्रह्मपुत्र मेल 6 घंटे 46 मिनट, 22361 नई दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस 5 घंटे 40 मिनट और 12309 तेजस राजधानी एक्सप्रेस 5 घंटे 20 मिनट विलंब से चल रही है।
कुंभ एक्सप्रेस भी 3 घंटे 55 मिनट, पटना स्पेशल 3 घंटे 43 मिनट और कोटा-पटना एक्सप्रेस 1 घंटे 13 मिनट की देरी से पहुंच रही है।
छठ की तैयारी के बीच स्टेशन पर गुजर रहे घंटे, कनेक्टिंग ट्रेन छूटने का डर
ट्रेनों की लेटलतीफी का असर केवल घर पहुंचने वाले यात्रियों पर ही नहीं पड़ रहा, बल्कि आगे की यात्रा करने वालों की परेशानी भी बढ़ गई है। कई यात्रियों को दूसरी ट्रेन पकड़नी है, लेकिन पहली ट्रेन के समय पर नहीं पहुंचने से कनेक्टिंग ट्रेन छूटने का खतरा बना हुआ है।
छोटे बच्चों और बुजुर्गों के साथ सफर करने वाले परिवारों के लिए घंटों स्टेशन पर इंतजार करना किसी परीक्षा से कम नहीं है। ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान के समय में लगातार बदलाव के कारण यात्रियों को अपनी आगे की योजना बनाने में भी परेशानी हो रही है।
प्लेटफार्म पर लंबे समय तक इंतजार करने के कारण भीड़ बढ़ रही है। छठ से पहले घर पहुंचने की बेचैनी के बीच यात्रियों को यह भी समझ नहीं आ रहा कि वे निर्धारित समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच पाएंगे या नहीं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।