Chhath Puja Wishes: राज्यपाल ने दी छठ की शुभकामनाएं, बधाई संदेश में CM नीतीश बोले- मनाएं कोरोना-फ्री महापर्व
Chhath Puja Wishes by Governor and CM Nitish Kumar छठ महापर्व को लेकर राज्यपाल फागू चौहान एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने श्रद्धालुओं को बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने आस्था के साथ कोरोना को लेकर ऐहतियात बरतने की भी सलाह दी है।
पटना, राज्य ब्यूरो। Chhath Puja Wishes by Governor and CM Nitish Kumar नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय महापर्व छठ आरंभ हो गया है। आस्था के बीच कोरोना संक्रमण से बचाव भी जरूरी है। इसे देखते हुए नदी घाटों पर पहले दिन श्रद्धालुओं की भीड़ बीते सालों की तुलना में कम है। इस बीच राज्यपाल फागू चौहान तथा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने छठ व्रतियों को शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही कोरोना से बचाव के लिए भी सलाह दी है।
राज्यपाल ने दी शुभकामना, कहा- छठ से मिलती स्वच्छता की प्रेरणा
राज्यपाल फागू चौहान ने भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना एवं लोक आस्था से जुड़े चार दिवसीय छठ महापर्व के अवसर पर सभी बिहारवासियों को अपनी शुभकामनाएं दी हैं। राज्यपाल ने कहा है कि छठ पर्व से हमें साधना, तप, त्याग, सदाचार, मन की पवित्रता तथा स्वच्छता और निर्मलता बनाये रखने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने लोक-आस्था के इस पावन पर्व एवं व्रत को पूरी श्रद्धा, भक्ति, निष्ठा, बंधुत्व, सामाजिक समरसता और एकता के साथ मनाये जाने का अनुरोध किया है। राज्यपाल ने छठ पर्व के अवसर पर सभी बिहारवासियों व देशवासियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके सुखी एवं वैभवपूर्ण जीवन की मंगलकामना की है।
मुख्यमंत्री ने भी दी छठ की बधाई, कहा- कोरोना को लेकर रहें सतर्क
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रदेशवासियों को लोकआस्था के महापर्व छठ की बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि यह महापर्व आत्मानुशासन का पर्व है, जिसमें लोग आत्मिक शुद्धि और निर्मल मन से अस्ताचल और उदयीमान भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकआस्था के महापर्व छठ के मौके पर वह भगवान भास्कर से राज्य की प्रगति, सुख, समृद्धि, शांति व सौहार्द के लिए प्रार्थना करते हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से यह अपील किया कि इस महापर्व को मिल-जुलकर आपसी प्रेम, पारस्परिक सद्भाव और शांति के साथ मनाएं।
मुख्यमंत्री ने परामर्श दिया कि वर्तमान में कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति का सचेत रहना नितांत आवश्यक है। अपनी तरफ से पूरी सावधानी बरतें। कोरोना से बचाव का सबसे अच्छा उपाय शारीरिक दूरी का पालन करना है। बाहर निकलते समय मास्क का प्रयोग भी जरूर करें।