कुम्हार के चाक से छठी मैया के घाट तक, मिट्टी के इन पवित्र बर्तनों के बिना अधूरा है छठ महापर्व
छठ पूजा में मिट्टी के बर्तनों का विशेष महत्व है, जिनके बिना यह महापर्व अधूरा माना जाता है। मधुबनी के ...और पढ़ें

डिजिटल डेस्क, मधुबनी,पटना। छठ पूजा सिर्फ एक त्योहार नहीं है, यह प्रकृति और पवित्रता का सबसे बड़ा रूप है। इस महापर्व में नदी के जल से लेकर धरती की मिट्टी तक, हर चीज का अपना एक खास महत्व होता है। मिट्टी का हाथी, कलश, ढक्कन और दीयों के बिना तो छठी मैया की पूजा पूरी ही नहीं मानी जाती।
जैसे-जैसे छठ का समय करीब आता है, बिहार की हवाओं में गीली मिट्टी की एक सोंधी सी महक घुलने लगती है। मधुबनी जिले में इन दिनों कुम्हारों का चाक बहुत तेजी से घूम रहा है। यहां पूरे नियम, संयम और पवित्रता के साथ छठ पूजा के लिए मिट्टी के बर्तन तैयार किए जा रहे हैं। चाक पर घूमती मिट्टी और भट्टी में तपते इन बर्तनों में छठ की अपार आस्था साफ दिखाई देती है।
त्योहार के साथ जुड़ी है साल भर की रोजी-रोटी
छठ पूजा जहां एक तरफ हम सभी के लिए आस्था का पर्व है, वहीं दूसरी तरफ यह मिट्टी से जुड़े इन कुम्हारों के लिए साल भर की उम्मीद लेकर आता है। मधुबनी के बसुआरा गांव के रहने वाले कुम्हार दुखी पंडित जब अपने हाथों से गीली मिट्टी को आकार देते हैं, तो उसमें सिर्फ कला नहीं होती, बल्कि उनके परिवार का भविष्य भी छिपा होता है।
अपने काम और जिंदगी के बारे में बताते हुए दुखी पंडित कहते हैं, "मेरा नाम दुखी पंडित है, घर बसुआरा ,मधुबनी जिला है। अभी हम लोग छठ पर्व के लिए मिट्टी के ये सब बर्तन बना रहे हैं। इन्हीं बर्तनों को बेचकर हमारे बाल-बच्चों का भरण-पोषण होता है और उनकी पढ़ाई-लिखाई का सारा खर्च भी इसी कारोबार से चलता है।"
एक छोटी सी खरीद से रोशन होता है कुम्हार का घर
आग की भट्टी में तपकर तैयार हुए ये लाल रंग के बर्तन केवल पूजा का सामान नहीं हैं, बल्कि ये इन कुम्हार परिवारों के घर का चूल्हा जलने की सबसे बड़ी उम्मीद हैं। छठ में जब हम घाट पर मिट्टी के दीये जलाते हैं, तो उसकी रोशनी बहुत दूर तक जाती है। हमारी एक छोटी सी खरीदारी सिर्फ हमारे त्योहार को रौशन नहीं करती, बल्कि दुखी पंडित जैसे हजारों कुम्हारों की जिंदगी में भी खुशियों का उजाला भर देती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।