Chhath Puja 2026: पटना में बढ़े 2 नए घाट, अब्दुर रहमान घाट खतरनाक घोषित; जाने से पहले पढ़ें ये जरूरी गाइडलाइन
पटना सिटी और अजीमाबाद अंचल में छठ पूजा के लिए 53 गंगा घाटों और छह तालाबों पर व्यापक तैयारियां की ...और पढ़ें

घाटों की सजावट। फोटो जागरण
HighLights
छठ पूजा के लिए 53 घाटों, 6 तालाबों पर व्यापक तैयारी।
अब्दुर रहमान घाट खतरनाक, दो नए घाटों का विकास।
सुरक्षा, चिकित्सा, दमकल सेवाओं की पुख्ता व्यवस्था।
अहमद रजा हाशमी, पटना सिटी। नगर निगम के पटना सिटी एवं अजीमाबाद अंचल अन्तर्गत 53 गंगा घाटों और छह तालाबों पर आज शाम अस्ताचलगामी सूर्य और सोमवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए लाखों की संख्या में छठ व्रती और श्रद्धालु पहुंचेंगे।
घाट से लेकर संपर्क मार्गों तक की सफाई, रोशनी, सजावट, सुरक्षा, पेयजल, दमकल, चिकित्सा शिविर, एसडीआरएफ, गोताखोर, एसएसबी के जवान, सहायता केंद्र की पर्याप्त व्यवस्था की गयी है।
घाटों को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। गंगा में बैरीकेडिंग के समीप केला के थम लगाए गए हैं। अर्घ्य के लिए घाटों को तैयार करने में पूजा समितियों के सदस्य व समाजसेवी भी सक्रिय रहे।
गंगा घाटों एवं मार्गों पर कड़ी सुरक्षा तथा चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर शनिवार को जिला प्रशासन के साथ अनुमंडल पुलिस-प्रशासन, नगर निगम व अन्य विभागों के पदाधिकारी विभिन्न घाटों पर सक्रिय रहे।
उन्होंने लोगों ने अपील की है कि गंगा घाटों के आसपास के गहरे नाला, कटाव, मिट्टी के टिले व अन्य खतरों को लाल कपड़े से घेरा गया है। वहां जाने का प्रयास न करें न ही बच्चों को जाने दें।
अनुमंडलाधिकारी कशिश बक्शी ने कहा कि तैयारियों की समीक्षा की गयी है। पुलिस पदाधिकारी से लेकर दंडाधिकारियों की तैनाती की गयी है। गायघाट स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय परिसर एवं गुलजारबाग स्टेडियम परिसर में वाहनों के पड़ाव की व्यवस्था की गयी है।
निगम के कार्यपालक पदाधिकारी आशुतोष कुमार ने बताया कि वार्ड 72 स्थित अब्दुर रहमान घाट को कटाव के कारण खतरनाक घोषित कर वहां तालाब बना वैकल्पिक व्यवस्था की गयी है।
बच्चों की जेब में फोन नंबर की पर्ची जरूर रखें
पुलिस-प्रशासन के पदाधिकारियों ने लोगों से अपील किया कि गंगा घाट पर साथ आने वाले बच्चों की जेब में माता-पिता या अभिभावक के फोन नंबर की पर्ची जरूर रखें। बिछड़े बच्चे को आपसे मिलवाने में सुविधा होगी।
सभी घाटों पर ऐसी किसी भी सहायता के लिए कक्ष बनाया गया है। महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सादी वर्दी में पुलिस की तैनाती भीड़ के बीच रहेगी।
अफवाह से बचें और संदिग्ध वस्तु को न छुएं
पदाधिकारियों ने कहा कि गंगा घाटों पर उमड़ी भीड़ के बीच किसी भी तरह की अफवाह का पता चलने पर तुरंत तैनात पुलिस-प्रशासन के पदाधिकारियों से करें।
अफवाह फैलाने वालों को चिह्नित करने में सहयोग करें। कोई संदिग्ध वस्तु दिखे तो उसे उठाने या छूने का प्रयास न करें। पुलिस को बताएं।
वार्ड 51 में दो घाट बढ़ने से छठ व्रतियों को होगी सुविधा
पटना सिटी अनुमंडल अन्तर्गत निगम के बांकीपुर अंचल क्षेत्र में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए दो गंगा घाट बढ़ाए गए हैं। स्थानीय पार्षद बैजू लाल दास ने शनिवार को बताया कि जगन्नाथ घाट और संत देवराहा बाबा घाट को विकसित कर यहां अर्घ्य देने के लिए आवश्यक व्यवस्था, रोशनी, सुरक्षा के साथ अन्य सुविधाएं सुनिश्चित किया गया है।
इन दोनों नये घाटों पर दो हजार से अधिक व्रतियों के पहुंचने का अनुमान है। लोगों की सहायता के लिए पुलिस-प्रशासन के साथ सिविल डिफेंस के वार्डन भी तैनात रहेंगे।
सेक्टर पदाधिकारी जिला भूअर्जन पदाधिकारी रविरंजन गुप्ता ने बताया कि घघा घाट, रौशन घाट, संत देवराहा घाट, जगन्नाथ घाट, चौधरी टोला घाट, बीएनआर घाट, पत्थरी घाट, कदम घाट पर बैरिकेडिंग, वाचर टावर, चेंजिंग रूम, चिकित्सा शिविर समेत अन्य जरूरी सुविधाएं घाटों पर उपलब्ध हैं।
इन जगहों पर अर्घ्य के लिए तैयार है तालाब
पटना सिटी अंचल में कार्यपालक पदाधिकारी आशुतोष कुमार ने बताया कि मंगल तालाब, मारूफगंज, कर्मलीचक और अब्दुर रहमान घाट के समीप सुरक्षित अर्घ्य के लिए कृत्रिम तैयार किया गया है।
यहां व्रतियों एवं श्रद्धालुओं के लिए सभी व्यवस्था की गयी है। अजीमाबाद अंचल के कार्यपालक अभियंता सुजीत कुमार सिंहा ने बताया कि सभी जरूरी सुविधाओं के साथ रानीपुर चकिया तालाब और मेहंदीगंज में अर्घ्य के लिए तालाब तैयार है।
दो अस्पताल की इमरजेंसी सेवा तैयार
नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल के उपाधीक्षक प्रो. डा. पी डी वर्मा ने बताया कि इमरजेंसी में छह बेड आरक्षित किया गया गया है। एक हजार बेड वाले अस्पताल में 350 बेड खाली है।
औषधि विभाग, शिशु रोग विभाग, सर्जरी विभाग की इमरजेंसी व आइसीयू व्यवस्था अलर्ट है। सभी जरूरी दवाइयों के साथ चिकित्सकों व कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की गयी है।
श्री गुरु गोविंद सिंह जिला अस्पताल के अधीक्षक डा. सुधा शंकर राय ने बताया कि इमरजेंसी को आपातकाल स्थिति के लिए तैयार रखा गया है।
हर जगह दमकल व विद्युत कर्मी तैनात
छठ को लेकर सुरक्षा के लिए गायघाट, कंगन घाट, चौक, सुलतानगंज, मेहंदीगंज, अगमकुआं, बैरिया बस स्टैंड, पहाड़ी, जीरो माइल समेत अन्य जगहों पर दमकल की तैनाती कर दी गयी है।
पटना सिटी फायर स्टेशन प्रभारी अर्जुन प्रसाद ने बताया कि बेलवरगंज स्थित स्टेशन पर वायरलेस सिस्टम के साथ फोन काम कर रहा है। आग लगने की सूचना 101, 112 के अलावा 9507485867, 7485805816, 06122631800 नंबर पर दें।
विद्यऊत आपूर्ति प्रमंडल गुलजारबाग एवं पटना सिटी के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि घाटों पर अभियंताओं एवं कर्मियों की तैनाती की गयी है। नियंत्रण कक्ष भी गायघाट समेत कई जगहों पर काम कर रहा है।
खाजेकलां घाट स्थित पार्क को सजाया गया
खाजेकलां घाट स्थित पार्क को पशु-पक्षियों के साथ आध्यात्मिक प्रतीक वाली आकृतियों से सजाया गया है। रंग-बिरंगे बल्बों से बनी यह आकृति बच्चों समेत हर किसी को अपनी ओर खींच रही है। लोग रुक कर सेल्फी ले रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।