पटना के घाटों पर नहाय-खाय पर उमड़ा व्रतियों का हुजूम, 1 हजार रुपये किलो पहुंचा अगस्त्य फूल, कद्दू भी आसमान पर
Chhath Puja 2026: पटना में महापर्व छठ नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया, जहां गंगा घाटों पर व्रतियों की भीड़ ...और पढ़ें

कंगन घाट से गंगा जल लेकर जाते व्रती। जागरण
HighLights
नहाय-खाय के साथ महापर्व छठ का शुभारंभ हुआ।
पटना के गंगा घाटों पर व्रतियों की भारी भीड़।
अगस्त्य फूल की कीमत एक हजार रुपये प्रति किलो।
जागरण संवाददाता, पटना सिटी। Nahaye Khaye 2026: चार दिवसीय आस्था का महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। इसके साथ ही राजधानी में छठ की रौनक छा गई।
सुबह से ही व्रतियों के घरों में प्रसाद तैयार करने की तैयारी शुरू हो गई। पवित्रता और शुद्धता का विशेष ध्यान रखते हुए छठ के अनुष्ठान किए गए।
पटना के गंगा घाटों पर सुबह से ही व्रतियों और उनके स्वजन की भीड़ जुटने लगी। कंगन घाट पर भी बड़ी संख्या में व्रती पहुंचीं।
सभी ने गंगा में स्नान कर सूर्यदेव को नमन किया और प्रसाद बनाने के लिए गंगाजल लेकर घर लौटीं। कई व्रतियों ने घाट पर ही चावल-दाल, कद्दू की सब्जी और अगस्त्य के फूल का बचका तैयार किया।

अगस्त्य के फूल का भाव पहुंचा एक हजार रुपये किलो
छठ में विशेष महत्व होने के कारण बाजार में अगस्त्य के फूल की मांग बढ़ गई। इसका भाव भी आसमान छूने लगा। एक दिन पहले तक पटना के बाजारों में 500 रुपये किलो बिकने वाला अगस्त्य का फूल शुक्रवार को एक हजार रुपये किलो तक पहुंच गया।
कद्दू की कीमत भी 100 से 120 रुपये किलो रही। पूजा में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्रियों के दाम भी ऊंचे रहे। फल और फूलों की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ लगी रही।
रंगीन रोशनी से जगमगाए गंगा घाट
छठ को लेकर राजधानी का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया है। गंगा घाटों की छटा देखते ही बन रही है। दीघा घाट पर लाल-पीले रंग के कपड़ों से घेराबंदी की गई है।
घाटों को समतल और साफ-सुथरा बनाने के साथ रंगीन रोशनी से सजाया गया है। गंगा की कल-कल बहती धारा और जगमगाते घाट महापर्व की आस्था और भव्यता को और खास बना रहे हैं।
जिला प्रशासन के अधिकारी घाटों पर लगातार निगरानी कर रहे हैं। कमिश्नर से लेकर डीएम-एसएसपी व अन्य अधिकारी घाटों का भ्रमण कर स्थिति को देख रहे हैं।