विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

स्टेशनों पर बढ़ा इंतजार, मिर्जापुर में रेलवे हादसे से बिगड़ा ट्रेनों का शेड्यूल; तेजस राजधानी से गरीब रथ तक घंटों लेट

Published: Wed, 11 Nov 2026 03:39 PM (IST)

मिर्जापुर में तीसरी रेल लाइन निर्माण के दौरान मिट्टी धंसने से दिल्ली-हावड़ा डाउन लाइन बाधित हो गई है। इस हादसे ...और पढ़ें

छठ पर घर पहुंचने की चिंता, स्टेशनों पर बढ़ा इंतजार

छठ पर घर पहुंचने की चिंता, स्टेशनों पर बढ़ा इंतजार

HighLights

  1. मिर्जापुर में मिट्टी धंसने से दिल्ली-हावड़ा रेल लाइन बाधित।

  2. छठ पर बिहार जा रही ट्रेनें घंटों देरी से चल रही हैं।

  3. राजधानी, गरीब रथ सहित कई ट्रेनों के रूट बदले गए।

डिजिटल डेस्क, पटना। छठ महापर्व पर अपने घर बिहार लौट रहे यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. रेलवे रूट पर निर्माण कार्य के दौरान हुए हादसे ने हजारों यात्रियों की यात्रा प्रभावित कर दी है। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में तीसरी रेल लाइन के निर्माण के दौरान अचानक मिट्टी धंस गई, जिससे रेलवे का इलेक्ट्रिक पोल, मशीनरी और जनरेटर नीचे गिर गए। हादसे के बाद दिल्ली-हावड़ा रूट की डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन रोकना पड़ा। इसका सीधा असर बिहार आने वाली ट्रेनों पर पड़ा है।

मिर्जापुर में निर्माण कार्य बना ट्रेनों की लेटलतीफी की वजह

मंगलवार शाम करीब 6 बजकर 20 मिनट पर मिर्जापुर-झिंगुरा रेलखंड के आमघाट के पास खजुरी नदी पर तीसरी रेल लाइन के लिए पुल निर्माण का काम चल रहा था।

इसी दौरान जेसीबी से खुदाई करते समय अचानक मिट्टी धंस गई। हादसे में रेलवे का इलेक्ट्रिक पोल, मशीनरी और जनरेटर नीचे गिर गए। घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने एहतियातन डाउन लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही बंद कर दी।

डाउन लाइन बंद, कई ट्रेनों का बदला गया रास्ता

रेलवे अधिकारियों और इंजीनियरिंग विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत का काम शुरू किया। सुरक्षा को देखते हुए दिल्ली-कोलकाता रेल रूट पर परिचालन प्रभावित रहा।

इस दौरान बिहार और दूसरे राज्यों की ओर जाने वाली कई ट्रेनों को प्रयागराज, वाराणसी और लखनऊ के रास्ते डायवर्ट किया गया। हावड़ा-दूरंतो, महाबोधि, विक्रमशिला, वंदे भारत, राजधानी और संपूर्ण क्रांति जैसी ट्रेनों के रूट में भी बदलाव किया गया।

राजधानी 8 घंटे तो भागलपुर स्पेशल 11 घंटे लेट

रूट बाधित होने और ट्रेनों के डायवर्जन का असर अब यात्रियों के सफर पर साफ दिखाई दे रहा है। नई दिल्ली से राजेंद्रनगर जाने वाली तेजस राजधानी करीब 8 घंटे की देरी से चल रही है।

वहीं आनंद विहार-भागलपुर स्पेशल की लेटलतीफी 11 घंटे तक पहुंच गई है, संपूर्ण क्रांति, मगध एक्सप्रेस और गरीब रथ जैसी ट्रेनों के यात्री भी परेशान हैं।

बिहार आने वाली इन ट्रेनों की बढ़ी परेशानी

रेलवे रूट प्रभावित होने के कारण कई प्रमुख ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों पीछे चल रही हैं. देरी से चलने वाली प्रमुख ट्रेनों की सूची इस प्रकार है।

ट्रेन नंबर

ट्रेन का नाम

देरी

12310

नई दिल्ली-राजेंद्रनगर तेजस राजधानी

8 घंटे

12336

लोकमान्य तिलक-भागलपुर एक्सप्रेस

4.30 घंटे

15657

दिल्ली-भागलपुर ब्रह्मपुत्र मेल

3.30 घंटे

22497

सूरत-भागलपुर ताप्तीगंगा एक्सप्रेस

3.45 घंटे

20802

नई दिल्ली-इस्लामपुर मगध एक्सप्रेस

4.30 घंटे

09427

सवाई माधोपुर-राजगीर स्पेशल

6 घंटे

04478

आनंद विहार-भागलपुर स्पेशल

11 घंटे

06585

बेंगलुरु-रक्सौल स्पेशल

8 घंटे

04477

भागलपुर-आनंद विहार स्पेशल

10 घंटे

04078

दिल्ली-दरभंगा स्पेशल

3 घंटे

12436

आनंद विहार-जयनगर गरीब रथ

8 घंटे

12394

नई दिल्ली-राजेंद्रनगर संपूर्ण क्रांति

5 घंटे

03517

आसनसोल-उधना स्पेशल

1 घंटा

छठ पर घर पहुंचने की चिंता, स्टेशनों पर बढ़ा इंतजार

छठ के मौके पर दिल्ली, मुंबई, गुजरात और बेंगलुरु समेत देश के अलग-अलग शहरों से लाखों लोग बिहार पहुंचते हैं। ऐसे में ट्रेनों का घंटों लेट होना यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है।

खासकर परिवार के साथ सफर कर रहे लोगों, बच्चों और बुजुर्गों को स्टेशनों पर लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। त्योहार पर समय से घर पहुंचने की उम्मीद लगाए बैठे यात्रियों को अब अपनी यात्रा के लिए अतिरिक्त इंतजार करना पड़ रहा है।

यात्रा से पहले ट्रेन का स्टेटस जरूर जांचें

रेलवे रूट पर निर्माण कार्य के दौरान हुए हादसे के बाद ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है। ऐसे में बिहार जाने वाले यात्रियों को स्टेशन निकलने से पहले अपनी ट्रेन का लाइव स्टेटस और बदला हुआ रूट जरूर जांच लेना चाहिए, ताकि स्टेशन पर बेवजह इंतजार न करना पड़े

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।