CBSE Board Exam 2027: 10वीं-12वीं की परीक्षा में बड़ा बदलाव, बोर्ड ने जारी किया विषयवार मार्क्स फॉर्मूला
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 की 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं के लिए विषयवार अंक विभाजन का नया प्रारूप जारी किया है।

10वीं-12वीं की परीक्षा में बड़ा बदलाव, बोर्ड ने जारी किया विषयवार मार्क्स फॉर्मूला (AI Generated Image)
HighLights
सीबीएसई ने 2026-27 सत्र के लिए अंक विभाजन प्रारूप जारी किया।
त्रुटियां रोकने और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए यह कदम उठाया गया।
10वीं, 12वीं के विषयों में आंतरिक मूल्यांकन के अंक तय।
जागरण संवाददाता, पटना। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 की 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं के लिए विषयवार अंक विभाजन का प्रारूप जारी किया है।
इसके तहत स्कूलों को प्रैक्टिकल, प्रोजेक्ट और इंटरनल असेसमेंट के अंक निर्धारित प्रारूप के अनुसार ही अपलोड करने होंगे।
बोर्ड का उद्देश्य अंकों की प्रविष्टि में होने वाली त्रुटियों को रोकना और विद्यार्थियों के परीक्षा रिकॉर्ड में पारदर्शिता व सटीकता बनाए रखना है।
बोर्ड के अनुसार, स्कूलों की ओर से आंतरिक मूल्यांकन और प्रायोगिक परीक्षा के अंक अपलोड करते समय कई बार गलतियां हो जाती हैं। इससे विद्यार्थियों के परिणाम और शैक्षणिक रिकार्ड प्रभावित होने की आशंका रहती है।
नए प्रारूप से मूल्यांकन प्रक्रिया में एकरूपता आएगी। दसवीं में हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान जैसे प्रमुख विषयों में 80 अंक की लिखित परीक्षा और 20 अंक का आंतरिक मूल्यांकन होगा।
वहीं, प्रैक्टिकल और प्रोजेक्ट आधारित विषयों में अंक विभाजन अलग रहेगा। बारहवीं में अंग्रेजी कोर, हिंदी कोर और अन्य भाषा विषयों के लिए 80 अंक थ्योरी और 20 अंक इंटरनल असेसमेंट निर्धारित हैं।
फिजिक्स, केमेस्ट्री और बायोलॉजी में 70 अंक लिखित परीक्षा और 30 अंक प्रैक्टिकल के होंगे। भूगोल और मनोविज्ञान में भी 70-30 का पैटर्न लागू रहेगा।
इतिहास और राजनीति विज्ञान में 80 अंक थ्योरी तथा 20 अंक प्रोजेक्ट के लिए निर्धारित किए गए हैं। बिजनेस स्टडीज और एकाउंटेंसी में भी 80-20 का अंक विभाजन रहेगा। वहीं, कंप्यूटर साइंस और इंफार्मेटिक्स प्रैक्टिसेज में 70 अंक थ्योरी और 30 अंक प्रैक्टिकल के होंगे।