विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

CBSE ने जारी किए 10वीं-12वीं के सैंपल पेपर: 50% सवाल होंगे कॉम्पिटेंसी बेस्ड, व्हाइटनर के इस्तेमाल पर रोक

Published: Mon, 05 Oct 2026 07:05 PM (IST)

सीबीएसई ने सत्र 2026-27 के लिए 10वीं और 12वीं के सैंपल पेपर और मार्किंग स्कीम जारी की है, जिसमें गणित और विज्ञान में स्टेप मार्किंग का प्रावधान है।

सीबीएसई ने जारी किए 10वीं 12वीं के सैंपल पेपर, गणित-विज्ञान में मिलेगी स्टेप मार्किंग (AI Generated Image)

सीबीएसई ने जारी किए 10वीं 12वीं के सैंपल पेपर, गणित-विज्ञान में मिलेगी स्टेप मार्किंग (AI Generated Image)

HighLights

  1. गणित और विज्ञान विषयों में स्टेप मार्किंग का प्रावधान।

  2. छात्रों की वैचारिक समझ परखने को 50% कॉम्पिटेंसी-आधारित प्रश्न।

  3. प्रत्येक विषय में कम से कम 33% अंक प्राप्त करना अनिवार्य।

जागरण संवाददाता, पटना। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 10वीं और 12वीं के सैंपल पेपर जारी करने के साथ विषयवार मार्किंग स्कीम भी जारी कर दी है। बोर्ड के अनुसार प्रश्नपत्र की रूपरेखा, मूल्यांकन पैटर्न और असेसमेंट स्कीम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

विद्यार्थियों को परीक्षा के नियमों और मूल्यांकन प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए मार्किंग स्कीम भी उपलब्ध कराई गई है।

सीबीएसई के सिटी कोर्डिनेटर एसी झा ने बताया कि गणित और विज्ञान जैसे विषयों में स्टेप मार्किंग की जाएगी। यदि विद्यार्थी ने सवाल हल करने की सही प्रक्रिया अपनाई है, लेकिन अंतिम उत्तर पूरी तरह सही नहीं है, तो सही स्टेप के लिए निर्धारित अंक दिए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक विषय में कम से कम 33 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा। हैंड राइटिंग पर नंबर नहीं मिलेगा। उन्होंने बताया कि परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों को ब्लू बॉल पेन का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। उत्तर गलत होने पर उसे एक लाइन खींचकर काटने को कहा गया है।

उत्तर काटने के लिए व्हाइटनर का इस्तेमाल नहीं करना है। अगर उतर देते समय दूसरे पन्ने का इस्तेमाल करता है तो उक्त पेज पर नीचे कंटिन्यू लिखना होगा, ताकि पता चल सके कि दूसरे पन्ने पर दे रहे प्रश्न का उत्तर है।

50 प्रतिशत सवाल होंगे कॉम्पिटेंसी बेस्ड

जारी सैंपल पेपर में प्रतियोगिता परीक्षा पर आधारित प्रश्नों पर विशेष जोर दिया गया है। 10वीं और 12वीं के सैंपल पेपर में करीब 50 प्रतिशत प्रश्न प्रतियोगिता परीक्षा आधारित है।

इन प्रश्नों का उद्देश्य विद्यार्थियों की अवधारणात्मक समझ और वास्तविक जीवन में ज्ञान के इस्तेमाल की क्षमता को परखना है। बोर्ड के अनुसार विद्यार्थियों को रटने के बजाय विषय को समझकर पढ़ने की आदत विकसित करना है।

10वीं के 58 और 12वीं के 76 विषयों के लिए परीक्षा:

कक्षा 10वीं में गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, अंग्रेजी, हिंदी, विभिन्न संगीत एवं कला विषयों के साथ क्षेत्रीय और विदेशी भाषाओं समेत 58 विषयों के सैंपल पेपर जारी किए गए हैं।

वहीं, कक्षा 12वीं में अकाउंटेंसी, जीव विज्ञान, रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान, अर्थशास्त्र, बिजनेस स्टडीज, गणित, इतिहास, भूगोल, राजनीति विज्ञान समेत अन्य ऐच्छिक और भाषा विषयों के 76 सैंपल पेपर उपलब्ध कराए गए हैं।

विद्यार्थी सीबीएसई की शैक्षणिक वेबसाइट पर कक्षा के अनुसार सैंपल पेपर और मार्किंग स्कीम देख सकते हैं। प्रश्नपत्र या मार्किंग स्कीम से संबंधित जानकारी के लिए बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें- CBSE Date Sheet 2027: सीबीएसई कक्षा 10वीं-12वीं डेटशीट इसी वीक आने की उम्मीद, इस महीने में होंगे प्रैक्टिकल एग्जाम