तीन फरवरी को गैर भाजपा दलों की रैली करेगी कांग्रेस, शामिल होंगे राहुल गांधी
लोकसभा चुनाव से पहले अगले साल की तीन फरवरी को कांग्रेस ने गैर भाजपा दलों की रैली का आयोजन किया है। इस रैली में शामिल होने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सहमति दे दी है।
पटना [जेएनएन]। मिशन 2019 को लेकर लोकसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस बिहार में एक बड़ी रैली करेगी।ये रैली आगामी तीन फरवरी को पटना के एेतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित की जाएगी जिसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भी शामिल होंगे। इसके लिए राहुल गांधी ने अपनी सहमति दे दी है।
गांधी मैदान में आयोजित इस रैली में राहुल गांधी की अगुवाई में गैर भाजपा दलों के बड़े नेता भी शामिल होंगे। शनिवार को बिहार प्रदेश के कांग्रेस नेताओं के साथ दिल्ली में मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने इस रैली पर मुहर लगाई।
मालूम हो कि लोकसभा चुनाव और बिहार में महागठबंधन को लेकर यह रैली पिछले कई दिनों से प्रस्तावित थी, जिसकी तारीख का एेलान होने बाकी था। शनिवार को राहुल गांधी से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा, राज्यसभा सांसद अखिलेश सिंह, शक्ति सिंह गोहिल समेत कई नेताओं ने मुलाकात की और इस रैली के बारे में विचार-विमर्श किया।
बता दें कि इससे पहले गांधी मैदान में सीपीआई और सीपीआई एम ने अलग-अलग रैली की थी, जिसमें कई पार्टी के नेता शामिल हुए थे। कांग्रेस नेता भी इस रैली का हिस्सा बने थे। एेसा माना जा रहा है कि गैर भाजपा दलों की यह रैली बिहार के साथ-साथ देश की राजनीति के लिए भी अहम साबित हो सकती है। क्योंकि, बिहार में कांग्रेस महागठबंधन में राजद और हम जैसी पार्टियों के साथ है।