समर्थन मूल्य से 700 रुपये कम में धान खरीद रहे व्यवसायी, किसानों को सरकारी खरीद का इंतजार
जिले में धान की कटनी तेज हुई अब सरकारी खरीद शुरू होने के इंतजार में किसान प्रशासन की तैयारी अभी अधूरी बैंकों से कैश क्रेडिट के लिए एकरनामा और राइस मिलों से होनी है टैंगिंग - पटना में धान खरीद की समितियों का हुआ चयन लक्ष्य मिलना रह गया है बाकी
पटना, जेएनएन। बिहार में धान की फसल पहले तैयार हो गई है। अब तो धान की कटनी तेज गति से चल रही है। दूसरी तरफ किसान न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान खरीद की प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। अच्छी फसल होने के कारण किसानों के चेहरे खिल उठे हैं, लेकिन खुले बाजार में धान का भाव काफी कम होने से उनके सामने चुनौती भी है। बी ग्रेड के धान का समर्थन मूल्य 1868 रुपये तथा ए ग्रेड के धान का समर्थन मूल्य 1888 रुपये प्रति क्विंटल है। हालांकि खुले बाजार में व्यवसायी 1100 से 1200 के रेट में ही धान खरीद कर रहे हैं।
पंजाब और हरियाणा में शुरू हो चुकी है खरीद प्रक्रिया
पंजाब और हरियाणा में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान खरीद जारी है, लेकिन बिहार के अधिकांश जिलों में अब तक धान खरीद की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। पटना जिला प्रशासन धान खरीद की तैयारी में जुटा है। प्रशासन का कहना है कि अभी धान में नमी ज्यादा है। धान खरीद के लिए 221 व्यापार मंडल और प्राथमिक कृषि साख समितियों का चयन किया गया है। पैक्स और सहकारिता बैंक के बीच कैश क्रेडिट के लिए एकरारनामा होगा। इसी के साथ धान से चावल बनाने के लिए राइस मिलों से टैंगिंग होगी। अब तक प्रक्रियाएं पूरी नहीं की गई हैं।
पैक्स को नहीं मिला खरीद शुरू करने का निर्देश
पैक्स धान खरीद के लक्ष्य मिलने तथा खरीद प्रकिया शुरू करने के निर्देश का इंतजार कर रहे हैं। जिला प्रशासन की तरफ से लक्ष्य तय किया जाना है। कृषि और सहकारिता विभाग अपनी रिपोर्ट भेज चुका है। पटना जिले को 2019-20 में 1.15 लाख एमटी धान खरीद का लक्ष्य मिला था। 181 पैक्स और व्यापरमंडल का धान खरीद के लिए चयनित किया था। लेकिन 257 व्यापार मंडल और पैक्सों ने धान का खरीद किया। लक्ष्य से अधिक यानी 1.37 लाख टन धान का खरीद किए। बदले में सभी लगभग 93 हजार एमटी चावल भारतीय खाद्य निगम को दिए।
सरकारी रेट से काफी कम है धान का बाजार मूल्य
सहकारिता विभाग ने 2020-21 के लिए सामान्य धन का समर्थन मूल्य 1868 रुपये तय किया है। मार्केट में 1100-1200 रुपये क्विंवटल धान का रेट खुला है। किसानों का पैक्सों की तरफ से धान खरीद शुरू होने पर निगाहें टीकी हुई है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही लक्ष्य तय करके धान खरीद की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।