बाईपास के मरची गांव में कारोबारी की गोली मारकर हत्या, दो गिरफ्तार
बाईपास थाना क्षेत्र के मरची गांव निवासी मकान निर्माण सामग्री विक्रेता 52 वर्षीय रामसेवक सिंह को गांव के दो युवकों ने बुधवार की रात गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल कारोबारी की मौत गुरुवार की भोर निजी अस्पताल में इलाज के क्रम में हो गई। मरने से पूर्व कारोबारी ने पुलिस को दिए बयान में दो हमलावरों को नामजद किया।
पटना सिटी। बाईपास थाना क्षेत्र के मरची गांव निवासी मकान निर्माण सामग्री विक्रेता 52 वर्षीय रामसेवक सिंह को दो युवकों ने बुधवार की रात गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल कारोबारी की मौत गुरुवार की सुबह निजी अस्पताल में हो गई। मरने से पूर्व कारोबारी ने पुलिस को दिए बयान में दो हमलावरों का नाम बताया। बाईपास थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या का कारण जमीन का विवाद बताया जा रहा है।
कारोबारी के बड़े पुत्र मंजीत कुमार ने पोस्टमॉर्टम कक्ष के बाहर बताया कि बुधवार की रात लगभग 9:30 बजे पिता रामसेवक सिंह सीमेंट-छड़-बालू वाली दुकान से घर के लिए निकले। आगे-आगे मैं चल रहा था। रास्ते में बाइक खड़ी कर मिथिलेश सिंह और अनिल सिंह उर्फ कुनाई हाथ में पिस्तौल लिए खड़े थे। जैसे ही पिता बाइक के पास पहुंचे अनिल सिंह उर्फ कुनाई ने उनके बायीं ओर पेट में पिस्तौल सटाकर गोली चला दी। गोली लगने के बाद पिताजी भागने लगे तो मिथिलेश सिंह ने दोनों पैर में गोली मार दी। पिताजी लगभग एक बांस दूर जाकर गिर गए। तबतक दोनों अपराधी भाग चुके थे। घायल कारोबारी को इलाज के लिए बड़ी पहाड़ी स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सूचना पाकर अस्पताल पहुंचे पूर्वी एसपी जितेंद्र कुमार तथा एएसपी मनीष कुमार को कारोबारी ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए दोनों हमलावरों का नाम बताया। इलाज के दौरान गुरुवार की सुबह लगभग 4:30 बजे कारोबारी रामसेवक सिंह की मौत हो गई। पुलिस ने नामजद मिथिलेश व अनिल को गिरफ्तार किया। पुत्र ने बताया कि पिता का मिथिलेश सिंह से दो कट्ठा जमीन को लेकर न्यायालय में मुकदमा चल रहा है। इसको लेकर पहले से रंजिश थी। रामसेवक सिंह तीन भाई में सबसे बड़े थे। उनको दो पुत्र व तीन पुत्रियां हैं। हत्या को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है।