बिहार में जारी है युवतियों सेे हैवानियत: छेड़खानी का विरोध करने पर एसिड से जलाया चेहरा
बिहार के गोपालगंज जिले में दो मनचलों ने छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक युवती पर तेजाब से हमला कर उसका चेहरा जला दिया। घटना के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
पटना [जेएनएन]। बिहार में इन दिनों दो युवतियों के साथ दुष्कर्म के बाद उन्हें मारकर जला देने की घटनाएं हुईं हैं। हैवानियत का एक और मामला सामने आया है, जिसमें छेड़खानी का विरोध करने पर एक युवती पर एसिड अटैक किया गया है। घटना में घायल युवती की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
युवती पर तेजाब से हमला, बुरी तरह झुलसा चेहरा
जानकारी के अनुसार गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में दो मनचलों ने छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक युवती पर तेजाब से हमला कर दिया। उसका चेहरा बुरी तरह झुलस गया है। उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। सूचना पर अस्पताल पहुंची पुलिस ने युवती के बयान के आधार पर आरोपित दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
घर से निकलते वक्त बदसलूकी, विरोध करने पर हमला
घटना बीती शाम की है। शाम युवती किसी कार्य से घर से निकल रही थी कि गलत नीयत से घात लगाकर बैठे दो युवकों ने उससे बदसलूकी की। युवती के विरोध करने पर उन्होंने तेजाब फेंक दिया, जिससे उसका चेहरा बुरी तरह से झुलस गया है। घटना के वक्त युवती के शोर मचाने पर दोनों युवक भाग निकले। घायल युवती को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया।
घायल की हालत चिंताजनक, आरोपित गिरफ्तार
आरोपितों की पहचान सोनू तथा राजा के रूप में की गई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। उधर युवती का प्राथमिक उपचार करने के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) रेफर कर दिया।
बिहार में युवतियों के साथ तीन दिनों में तीसरी बड़ी घटना
विदित हो कि बीते तीन दिनों के अंदर युवतियों के साथ यह तीसरी बड़ी घटना है। इसके पहले बक्सर व समस्तीपुर में दो युवतियों को मारकर जला दिश गया था। बक्सर में हत्या के पहले युवती के साथ दुष्कर्म किया गया था। बक्सर के मामले का सुराग देने वाले को पुलिस ने 50 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है। उधर, समस्तीपुर की घटना में भी हत्या के पहले दुष्कर्म की आशंका व्यक्त की गई है। दोनों जगह की घटनाएं लगभग समान हैं। उक्त दोनों घटनाएं हैदराबाद में महिला डॉक्टर से दुष्कर्म के बाद हत्या से मिलती-जुलती हैं।