सिवान में जमीनी विवाद में भाई का दुश्मन बना भाई, लाठी-डंडे से पीट-पीटकर ले ली जान
सिवान में एक भाई ने दूसरे भाई को को जमीनी विवाद में इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देकर आरोपित फरार हो गया है।
सिवान, जेएनएन। जिले के पचरुखी के कोदई गांव में सोमवार की सुबह जमीनी विवाद में रिश्ते तार-तार हो गए। एक भाई ने दूसरे भाई की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। वारदात को अंजाम देकर आरोपित फरार हो गया। बाद में घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान जगरनाथ सिंह (60) के रूप में हुई है। स्व. रामपृत सिंह के पुत्र जगरनाथ तीन भाई में सबसे बड़े थे। वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस मामले की छानबीन करने पहुंच गई है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। बड़ी संख्या में पुलिस कैंप कर रही है। बताया जाता है कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चला आ रहा था। इसी को लेकर आए दिन विवाद हुआ करता था। सोमवार को इसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने सामने हो गए। इस दौरान जगरनाथ सिंह की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
भूमि विवाद मे आधा दर्जन घायल, दो रेफर
थाना क्षेत्र के विष्णुपुरा गांव में शनिवार की देर शाम भूमि विवाद को लेकर हुई मारपीट में आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में लाया गया जहां दो की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। बताया जाता है कि विष्णुपुरा गांव में दो परिवार के बीच 4 बीघा 7 कट्ठा 14 धूर जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। शनिवार की देर शाम दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों तरफ से लाठी-डंडे चले। इसमें एक पक्ष के संतोष पाठक, विमलेश पाठक, अनिरुद्ध पाठक, जलेश्वर पाठक, प्रभा देवी घायल तथा दूसरे पक्ष के जय प्रकाश दुबे और ङ्क्षप्रस कुमार घायल हो गए।