BPSC TRE-4: STET में फेल अभ्यर्थियों के नहीं जारी होंगे एडमिट कार्ड, परीक्षा पैटर्न और पात्रता नियम स्पष्ट
बीपीएससी टीआरई-4 में एसटीईटी अनुत्तीर्ण अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी नहीं होंगे, आयोग ने परीक्षा पैटर्न और पात्रता नियमों को ...और पढ़ें

STET में फेल अभ्यर्थियों के नहीं जारी होंगे एडमिट कार्ड ( एआई जेनरटेड तस्वीर)
HighLights
एसटीईटी अनुत्तीर्ण अभ्यर्थियों को टीआरई-4 के लिए प्रवेश पत्र नहीं।
अप्लाइड विषयों के स्नातकोत्तर भी संबंधित पद के लिए योग्य।
नकारात्मक अंकन लागू, गलत उत्तर पर एक तिहाई अंक कटेंगे।
जागरण संवाददाता, पटना। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) टीआरई-4 के लिए वैसे अभ्यर्थियों का प्रवेश पत्र लिखित परीक्षा में शामिल होने के लिए जारी नहीं करेगा जो माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (एसटीईटी) 2026 में अनुत्तीर्ण होंगे।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा में भाग लेने का प्रमाण यथा प्रवेश पत्र एवं परीक्षा फल सहित माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा संबंधी सभी आवश्यक प्रमाण पत्र की मूल प्रति आयोग के द्वारा सत्यापन के लिए मांगे जाने पर ससमय उपलब्ध कराना होगा और सत्यापन के बाद उनकी अर्हता मान्य होगी।
आवेदन के समय अभ्यर्थियों को स्व-घोषणा भी देना होगा, जिसका प्रारूप आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। वहीं, सीटीईटी अभ्यर्थियों के लिए बीटीईटी, 2017 के लिए निर्धारित अंक अनिवार्य है। राज्य के बिहार के सभी अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम सामान्य श्रेणी के निर्धारित 60 प्रतिशत ही मान्य होगा।
अप्लाइड वाले भी संबंधित विषय के लिए करेंगे आवेदन
आयोग ने स्पष्ट किया है कि कॉमर्स और विज्ञान के लिए उससे संबंधित अप्लाइड विषयों में स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त करने वाले भी आवेदन कर सकते हैं। फिजिक्स के लिए इलेक्ट्रॉनिक, अप्लाइड फिजिक्स व न्यूक्लियर फिजिक्स, बायोकेमिस्ट्री वाले केमेस्ट्री, अप्लाइड इकोनॉमिक्स व बिजनेस इकोनॉमिक्स वाले इकोनॉमिक्स, एम कॉम इन अप्लाइड व बिजनेस इकोनॉमिक्स वाले तथा बॉटनी व जूलॉजी के लिए लाइफ सांइस, बायो साइंस, जेनेटिक्स, माइक्रो बायोलॉजी, बायोटेक्नोलॉजी, माल्क्यूलर बायोलॉजी व प्लांट साइकोलॉजी में स्नातकोत्तर भी आवेदन करेंगे।
अप्लाइड मैथेमैटिक्स वाले गणित विषय के लिए आवेदन करेंगे। विस्तृत जानकारी आयोग की वेबसाइट पर अपलोड की गई है। उच्च माध्यमिक में कंप्यूटर शिक्षक के लिए किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान से डीओईएसीसी से स्तर ए एवं किसी विषय में स्नातकोत्तर की उपाधि होनी चाहिए।
एआइसीटीई से मान्यता प्राप्त संस्थान से कंप्यूटर साइंस व आइटी में बीई व बीटेक या कंप्यूटर साइंस में स्नातकोत्तर व एमसीए आदि की उपाधि अनिवार्य है। कंप्यूटर विज्ञान विषय के अभ्यर्थियों के लिए बीएड की योग्यता अनिवार्य नहीं है।
एकल लिखित परीक्षा के आधार पर होगा चयन
आयोग ने स्पष्ट किया है कि एकल लिखित वस्तुनिष्ठ परीक्षा के आधार पर मेधा सूची बनेगी। प्राथमिक विद्यालय के लिए दो भाग में प्रश्न पत्र होंगे। पहले भाग में अंग्रेजी एवं हिंदी, उर्दू या बांग्ला तथा भाग दो में सामान्य अध्ययन से संबंधित प्रश्न होंगे। भाग दो में प्राप्त अंक के आधार पर मेधा सूची बनेगी।
मध्य, माध्यमिक व उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रश्न पत्र तीन खंड में होंगे। पहला भाग भाषा, दूसरा सामान्य अध्ययन तथा तीसरे खंड में संबंधित विषय से जुड़े प्रश्न होंगे। मेधा सूची भाग दो व तीन में प्राप्त अंक के आधार पर बनेगी। भाग एक (भाषा) में क्वालीफाई करना अनिवार्य है।
सभी प्रश्नों का जवाब देना होगा, प्रश्न छोड़ने पर कटेंगे एक तिहाई अंक
आयोग के अनुसार लिखित परीक्षा वस्तुनिष्ठ एवं बहुविकल्पीय होंगे। इसमें सभी प्रश्नों का जवाब देना अनिवार्य है। अनुत्तरित प्रश्न या गलत जवाब के लिए एक तिहाई अंक कम कर दिए जाएंगे। प्रत्येक प्रश्न के लिए पांच विकल्प (ए, बी, सी, डी व ई) होंगे। अभ्यर्थी एक सही उत्तर ए, बी, सी या डी से चयन करेंगे। इनमें से एक विकल्प का चयन कर ओएमआर शीट में अंकित करना है। यदि अभ्यर्थी प्रश्न का उत्तर नहीं देना चाहते हैं तो विकल्प ई का चयन अनिवार्य रूप से करेंगे। किसी भी स्थिति में प्रत्येक प्रश्न के लिए केवल एक उत्तर चुनना है।
