BPSC TRE-4 में 10 लाख से अधिक आवेदन में एक अभ्यर्थी को कितनों से करना होगा कंपटीशन? यहां जाने गणित
बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-4) में 10 लाख से अधिक आवेदन मिले ...और पढ़ें

एक पद के लिए औसतन 30 अभ्यर्थियों की दावेदारी
HighLights
BPSC TRE-4 में 10 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए।
33,320 शिक्षक पदों के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा होगी।
प्रत्येक पद पर औसतन 30 अभ्यर्थियों के बीच मुकाबला।
अक्षय पांडेय, पटना। बिहार में शिक्षक बनने की चाह रखने वाले अभ्यर्थियों की संख्या ने इस बार नया रिकॉर्ड बना दिया है। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की ओर से आयोजित होने वाली चौथे चरण की विद्यालय अध्यापक भर्ती परीक्षा (TRE-4) में 10 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।
राज्य में कुल 33,320 पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति होनी है। ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल है कि एक पद के लिए कितने अभ्यर्थियों के बीच मुकाबला होगा?
आयोग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, TRE-4 के लिए कुल 10 लाख 550 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इस हिसाब से प्रत्येक पद के लिए औसतन करीब 30 अभ्यर्थियों के बीच प्रतिस्पर्धा होगी। यानी शिक्षक बनने की राह इस बार काफी चुनौतीपूर्ण रहने वाली है।
एक पद के लिए औसतन 30 अभ्यर्थियों की दावेदारी
अगर कुल आवेदनों और रिक्त पदों के आंकड़ों को देखें तो 10,00,550 अभ्यर्थियों के मुकाबले 33,320 पद उपलब्ध हैं। इस आधार पर एक पद के लिए लगभग 30 उम्मीदवारों की दावेदारी है।
हालांकि, वास्तविक प्रतिस्पर्धा विषय, कक्षा समूह, श्रेणी और उपलब्ध पदों के अनुसार अलग-अलग हो सकती है। इसलिए सभी अभ्यर्थियों के लिए मुकाबले का स्तर एक जैसा नहीं होगा।
BPSC की परीक्षाओं में आवेदन का नया रिकॉर्ड
TRE-4 ने आवेदन के मामले में बीपीएससी की अब तक की परीक्षाओं का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है। इससे पहले सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (AEDO) की परीक्षा में करीब 9 लाख 97 हजार आवेदन प्राप्त हुए थे। हालांकि, लिखित परीक्षा के बाद कदाचार के आरोपों के चलते परीक्षा रद कर दी गई थी।
अंतिम दिन रातोंरात 10 लाख के पार पहुंचे आवेदन
आवेदन के अंतिम दिन मंगलवार शाम पांच बजे तक करीब 9 लाख 90 हजार आवेदन प्राप्त हुए थे। इसके बाद रात 12 बजे तक यह संख्या बढ़कर 10 लाख 550 तक पहुंच गई।
बीपीएससी ने अभ्यर्थियों को आवेदन का अतिरिक्त मौका देने के लिए पहले निर्धारित 26 अक्टूबर की अंतिम तिथि में भी विस्तार किया था। आयोग के अनुसार, कोर्ट के आदेश के आलोक में आवेदन की तिथि में बदलाव किया गया था।
पिछले तीन चरणों में कितने आए थे आवेदन?
TRE के पिछले तीन चरणों के आंकड़ों पर नजर डालें तो इस बार आवेदकों की संख्या में बड़ी बढ़ोतरी हुई है।
- TRE-1: करीब 8 लाख आवेदन
- TRE-2: करीब 6 लाख आवेदन
- TRE-3: करीब 4.50 लाख आवेदन
- TRE-4: 10 लाख 550 आवेदन
इस तरह TRE-4 में आवेदन करने वालों की संख्या पिछले तीनों चरणों की तुलना में काफी अधिक है।
कुल मिलाकर, 33,320 शिक्षक पदों के लिए 10 लाख से अधिक आवेदन मिलने से प्रतियोगिता बेहद कड़ी होने की संभावना है। हालांकि, अंतिम चयन में विषयवार रिक्तियों, आरक्षण और अभ्यर्थियों की पात्रता के आधार पर प्रतिस्पर्धा का वास्तविक स्तर तय होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।