BPSC Result: बीपीएससी 66वीं पीटी का परिणाम इस दिन होगा जारी, जानिए कब होगा मेंस एग्जाम
BPSC Prelims Result बीपीएससी ने 66वीं संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम को लेकर जानकारी दी है। प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट 25 मार्च तक जारी कर दिया जाएगा। मुख्य परीक्षा जून में हो जाएगी। नियुक्ति की पूरी प्रक्रिया इसी साल पूरी कर ली जाएगी।
पटना, नलिनी रंजन। BPSC Prelims Result बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने 66वीं संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम (66th. Civil Services Prelims Exam Result) को लेकर जानकारी दी है। 66वीं प्रारंभिक परीक्षा दो दिन आयोजित की गई थी। आयोग के संयुक्त सचिव सह परीक्षा नियंत्रक अमरेंद्र कुमार ने बताया कि पीटी का परिणाम 25 मार्च तक जारी किए जाएंगे। इसके लिए आवश्यक तैयारी की जा रही है। इसके बाद दो महीने तक मुख्य परीक्षा के लिए समय दिया जाएगा। मुख्य परीक्षा जून में ली जाएगी। परीक्षा कैलेंडर के अनुसार इसी वर्ष इसके सभी पदों के लिए साक्षात्कार आयोजित कर परिणाम भी जारी कर दिया जाएगा।
राज्य के 888 केंद्रों पर आयोजित की गई थी परीक्षा
पहली बार यह परीक्षा 27 दिसंबर 2020 को राज्य के 888 केंद्रों पर आयोजित की गई थी। औरंगाबाद के एक केंद्र पर कुछ छात्रों के हंगामे के कारण परीक्षा नहीं हो सकी थी। इसके बाद यह परीक्षा 14 फरवरी में आयोजित की गई। 27 दिसंबर को आयोजित हुई परीक्षा में देशभर के दो लाख 80 हजार अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। इस परीक्षा के लिए चार लाख से अधिक परीक्षार्थियों ने आवेदन किया था। 14 फरवरी को आयोजित परीक्षा में लगभग आठ सौ परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी। अब परीक्षा का परिणाम जारी करने की तैयारी की जा रही है।
जानें कितने पदों पर होनी है नियुक्ति
बीपीएससी की ओर से 66वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के माध्यम से 689 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इनमें गृह विभाग, निर्वाचन विभाग, गन्ना उद्योग विभाग, परिवहन विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, श्रम संसाधन विभाग, पंचायती राज विभाग एवं ग्रामीण विभाग विभाग के लिए पद निर्धारित है।
जानें किन-किन विभाग में कितने पद हैं
- ग्रामीण विकास पदाधिकारी : 127
- पुलिस उपाधीक्षक : 34
- जिला समादेष्टा : 02
- काराधीक्षक : 03
- राज्य कर सहायक आयुक्त : 11
- अवर निर्वाचन पदाधिकारी : 02
- जिला नियोजन पदाधिकारी : 05
- ईख पदाधिकारी : 05
- बिहार प्रोबेशन सेवा : 19
- अपर जिला परिवहन पदाधिकारी : 30
- नगर कार्यपालक पदाधिकारी : 15
- आपूर्ति निरीक्षक : 157
- श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी : 51
- राजस्व अधिकारी : 66
- प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी : 162