FB पर मैसेज भेज युवती ने त्रिपुरा के लड़के को बुला लिया पटना, 30 हजार के लिए हो गया अपहरण Patna News
लड़की से प्यार के बाद त्रिपुरा से पटना आए एक युवक का महज तीस हजार रुपये के लिए अपहरण हो गया।
पटना, जेएनएन। फेसबुक पर हुए एक लड़की से प्यार के बाद युवक ने त्रिपुरा से पटना एक कर दिया, पर राजधानी में उसके साथ क्या होगा ये उसने नहीं सोचा। लड़की के चक्कर में त्रिपुरा से पटना आए विशाल गुप (22) का महज 30 हजार की फिरौती के लिए अपहरण कर लिया गया था। पत्रकार नगर थाने की पुलिस ने बुधवार को त्वरित कार्रवाई करते हुए उस मुक्त करा लिया।
हालांकि, उसकी रिहाई के बाद अपहरण के मामले ने दूसरा ही मोड़ ले लिया। थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि त्रिपुरा पुलिस की सूचना पर कार्रवाई की गई। पूरे मामले की छानबीन की जा रही है। मनीपुर के त्रिपुरा जिले के मानू थाना क्षेत्र के रहने वाले विशाल गुप को फेसबुक के माध्यम से एक लड़की से प्यार हुआ। लड़की के कहने पर वह पटना आ गया और पत्रकार नगर थाना क्षेत्र के हनुमान नगर स्थित विवेक विहार कॉलोनी के एक मकान में रहने लगा।
17 जून को उसके परिजनों ने मानू थाने में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जो अपहरण में तब्दील हो गई। पत्रकार नगर थानाध्यक्ष को बुधवार को मानू थाने की पुलिस ने जानकारी दी कि उनके यहां से अपहृत विशाल के परिजनों को 30 हजार रुपये फिरौती के लिए कॉल आई है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पत्रकार नगर थानाध्यक्ष उस नंबर का डिटेल निकाला, जिससे फिरौती के लिए कॉल की गई थी। उस नंबर की टावर लोकेशन लेने के बाद पुलिस ने विवेक विहार कॉलोनी के रोड नंबर एक (ई) स्थित एक मकान में छापेमारी की। वहां से विशाल को रिहा कराया गया।
विशाल ने पूछताछ में बताया कि वह लड़की के चक्कर में खुद घर से भाग कर यहां आया था। उसने मकान मालिक के घर से डेढ़ लाख रुपये की चोरी की थी। सीसीटीवी फुटेज से मकान मालिक को मालूम हो गया कि उसने ही रुपये चुराए थे। विशाल ने 1.20 लाख रुपये वापस कर दिए, लेकिन बाकी की रकम उसने खर्च कर दी थी। वह समय पर किराया भी नहीं दे पा रहा था, इसलिए मकान मालिक ने उसे बंधक बना लिया और बकाया रकम वसूलने के लिए उन्होंने घर पर कॉल की थी।