Video: पटना में खुले नाले में गिरा अंधा घोड़ा, दैनिक जागरण कर्मचारियों ने मशक्कत कर बचाई जान
पाटलिपुत्र इंडस्ट्रियल एरिया में एक अंधा घोड़ा नाले में गिर गया। दैनिक जागरण कार्यालय के गेट के सामने हुई घटना के बाद पत्रकार ने जेसीबी मशीन मंगाकर मशक्कत के बाद घोड़े की जान बचाई। उसे हल्की चोटें आई हैं।
जागरण संवाददाता, पटना : पाटलिपुत्र इंडस्ट्रियल एरिया में घास चरने के क्रम में शनिवार की शाम में एक अंधा घोड़ा खुले नाले में गिर गया। घोड़े का पैर नाले में जाने से यह हादसा हुआ। दैनिक जागरण कार्यालय के गेट के सामने हुई घटना के बाद पत्रकारों ने जेसीबी मशीन मंगाकर मशक्कत के बाद घोड़े की जान बचाई। बाक्स नाले को खुला छोड़ने के कारण यह हादसा हुआ। दुर्घटना में घोड़े को हल्की चोटें आई हैं। पाटलिपुत्र इंडस्ट्रिज एसोसिएशन के अध्यक्ष अर्जुन गुप्ता ने बियाडा से मांग की है कि इंडस्ट्रियल एरिया में नाले के खुले भाग को शीघ्र बंद किया जाए। इसके लिए एसोसिएशन भी हर तरह से मदद को तैयार है।
पटना की पाटलिपुत्रा कालोनी के खुले नाले में एक अंधा घोड़ा गिर गया। दैनिक जागरण आफिस के सामने हुए हादसे के बाद कर्मी सतर्क हो गए। काफी मशक्कत कर कुछ ही देर में उसे नाले से बाहर निकाल लिया गया।
खबर पढ़ने के लिए लिंक पर क्लिक करें https://t.co/3k0IV6A96M pic.twitter.com/yJnOSUs2JC— Akshay Pandey (@akshay019) September 3, 2022
घोड़े को बचाने के लिए कर्मी नाले में उतरे
पाटलिपुत्र इंडस्ट्रियल एरिया में बाक्स नाले की ढलाई करा दी गई है। कुछ स्थानों पर नाले अभी भी खुले हैं। दैनिक जागरण कार्यालय के सामने भी नाला खुला है। शनिवार की शाम एक अंधा घोड़ा घास चरते हुए आया और नाले में गिर गया। हादसे के बाद केवल उसका पैर ही दिख रहा था। गनीमत रही कि जागरण कर्मियों की नजर उसपर पड़ गई। उन्होंने तुरंत रस्से और जेसीबी मशीन की व्यवस्था कराई। घोड़े को बचाने के लिए कर्मी नाले में उतरे। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद घोड़े को नाले से बाहर निकाला जा सका। घोड़े के गिरने और बाहर निकलने के क्रम में उसे चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि घोड़ा काफी दिनों से इलाके में टहलता रहता है।