अटल जयंती पर प्रखंडों में भाजपा करेगी मेगा शो, विपक्ष को देगी करारा जवाब
अटल बिहारी बाजपेयी की जयंती पर भाजपा बिहार के सभी 534 प्रखंडों पर किसान चौपाल लगाएगी। उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद से लेकर बिहार भाजपा के दिग्गज किसान चौपाल को संबोधित करेंगे। इसके लिए भव्य तैयारियां की गई है।
पटना, राज्य ब्यूरो । भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर भाजपा शुक्रवार (25 दिसंबर) को बिहार के सभी 534 प्रखंडों पर किसान चौपाल लगाएगी। पार्टी ने सभी प्रखंडों में कार्यक्रम भव्य तैयरियां की है।
भाजपा किसान चौपाल के जरिए कृषि कानून पर विपक्ष को बड़ा संदेश देने की तैयारी में जुटी है। किसानों को चौपाल के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव भाषण सुनने के लिए मेगा स्क्रीन का इंतजाम किया गया है। पार्टी इस मुहिम में दोनों उप मुख्यमंत्रियों तार किशोर प्रसाद और रेणु देवी से लेकर केंद्रीय मंत्रियों, वरिष्ठ नेताओं, विधायकों और विधान पार्षदों की बाकायदा फील्डिंग सजाई है। लाखों किसानों को चौपाल में आमंत्रित किया गया है। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसान सम्मान निधि से संबंधित कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
कौन दिग्गज कहां रहेंगे
पूर्व मुख्यमंत्री सुशील मोदी और केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय भाजपा प्रदेश मुख्यालय में कार्यक्रम में शामिल होंगे।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जयसवाल बेतिया जिले के सुगौली में, उपमुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद काराकाट में, केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद और बिहार कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह बामेती पटना में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह बेगूसराय में, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, श्रम मंत्री जीवेश मिश्रा जाले में, विधि मंत्री रामसूरत राय औराई में, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधा मोहन सिंह पिपरा मोतिहारी में, इसके अलावा भाजपा के सभी प्रदेश पदाधिकारी स्थानीय विधायक विधान पार्षद अपने क्षेत्रों में रहेंगे।
पार्टी लगाएगी चिकित्सा शिविर
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ की ओरसे चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया गया है। प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि शिविर का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय करेंगे।