लालू की हालत स्थिर, हालचाल जानने पहुंचे अखिलेश और शत्रुघ्न सिन्हा
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का इलाज दिल्ली स्थित एम्स अस्पताल में चल रहा है। उनसे मिलने आज भाजपा के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा और समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव पहुंचे।
पटना [जेएनएन]। चारा घोटाला मामले में सजा काट रहे राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की तबियत बिगड़ने के बाद उन्हें रांची के रिम्स अस्पताल से दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। लेकिन लालू के अस्पताल में रहने के बाद वहां राजनीतिक गतिविधियों पर भी लोगों की नजर बनी हुई है।समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव और बीजेपी के शॉटगन शत्रुघ्न सिन्हा ने आज लालू प्रसाद यादव से एम्स अस्पताल पहुंचकर मुलाकात की। अखिलेश यादव और भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने लालू से उनकी तबियत का हाल पूछा है। इस मुलाकात के बाद राजनीतिक हलकों में सुगबुगाहट तेज हो गई है।
बहुचर्चित चारा घोटाला मामले में रांची में जेल की सजा काट रहे राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद को विशेष इलाज के लिए दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया है।
कुछ दिन पहले ही केन्द्रीय मानव संसाधन राज्य मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने एम्स जाकर लालू से मुलाकात की और उनकी तबियत के बारे में हालचाल पूछा था। मंत्री ने ट्वीट कर यह जानकारी दी थी, जिसके बाद राजनीतिक बयानबाजी भी हुई तो कुशवाहा ने कहा कि मैं सिर्फ लालू जी की तबियत पूछने गया था।
राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख एवं चारा घोटाले में सजा काट रहे लालू यादव की मधुमेह की परेशानी गंभीर बनी हुई है। उनका ब्लड शुगर नियंत्रित नहीं हो पा रहा है। डॉक्टर नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे हैं। इसके अलावा उन्हें किडनी की भी परेशानी है। इसलिए उनके ब्लड की एम्स में नियमित जांच हो रही है। डॉक्टरों ने मंगलवार को भी उनके ब्लड की जांच कराई। वैसे एम्स सूत्रों के अनुसार उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।
उल्लेखनीय है कि लालू यादव एम्स के प्राइवेट वार्ड में विगत छह दिनों से भर्ती हैं। 29 मार्च को उन्हें रांची से दिल्ली लाकर एम्स में भर्ती कराया गया था। तब से एम्स के पांच विभागों नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी, इंडोक्राइनोलॉजी एवं सर्जरी के डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं।
उन्हें मधुमेह, किडनी के अलावा हृदय की भी परेशानी है। साथ ही गॉल ब्लैडर में स्टोन की शिकायत है। हालांकि अभी तक उनकी सर्जरी के लिए समय निर्धारित नहीं किया गया है। सोमवार को उनकी आंखों की भी जांच की गई थी।