विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 30, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

सारण में भाजपा विधायक की पत्‍नी चौथी बार बनीं प्रमुख, चार अन्‍य प्रखंडों में इन्‍हें मिली जिम्‍मेदारी

By Vyas ChandraEdited By:
Published: Thu, 30 Dec 2021 09:18 AM (IST)

सारण के पांच प्रखंडों परसा मकेर दरियापुर मशरक व पानापुर प्रखंड के प्रमुख व उपप्रमुख की कुर्सी का फैसला बुधवार ...और पढ़ें

सारण के नवनिर्वाचित प्रमुख व उपप्रमुख। जागरण
सारण के नवनिर्वाचित प्रमुख व उपप्रमुख। जागरण

छपरा, जागरण टीम। सारण के पांच प्रखंडों परसा, मकेर, दरियापुर, मशरक व पानापुर प्रखंड के प्रमुख व उपप्रमुख की कुर्सी का फैसला बुधवार को हो गया। अमनौर के बीजेपी विधायक कृष्ण कुमार सिंह मंटू की धर्मपत्नी सविता देवी चौथी बार परसा प्रखंड की प्रमुख निर्वाचित हुईं। परसा के प्रमुख-उपप्रमुख का निर्वाचन निर्विरोध हुआ। यहां के उपप्रमुख की कुर्सी पुष्पा देवी को मिली। वहीं मकेर प्रखंड के प्रमुख-उपप्रमुख का निर्वाचन भी निर्विरोध हुआ। निवर्तमान प्रमुख अभिषेक कुमार दुबारा प्रमुख चुने गए तो उपप्रमुख पहली बार मैनेजर साह निर्वाचित हुए। उधर रविप्रकाश मंटू को मशरक प्रखंड के प्रमुख व रीपू देवी को उपप्रप्रमुख का ताज मिला। पानापुर प्रखंड की प्रमुख पुष्पा देवी व उपप्रमुख कुसुम देवी निर्वाचित हुयीं। वहीं दरियापुर के प्रमुख की कुर्सी मालती देवी को मिली तो उपप्रमुख अविनाश कुमार बने।

अमनौर विधायक की पत्नी की प्रमुख की कुर्सी रही महफूज

अमनौर विधायक कृष्ण कुमार सिंह मंटू की पत्नी सविता देवी की कुर्सी महफूज रह गई। सविता देवी तीन टर्म से परसा प्रखंड की प्रमुख हैं और अब उनकी चौथी पारी शुरू हुई है। वे सारण प्रमंडल में इस बार पंचायत समिति से निर्विरोध निर्वाचित होने वाली इकलौती बीडीसी सदस्य हैं। इसके पूर्व वे 2006, 2011 व 2016 की सत्र में परसा की प्रमुख रही हैं। उनके पति विधायक मंटू सिंह की सियासत भी ग्राम पंचायत से ही शुरू हुई थी। वे 2001 में परसा के बनौता पंचायत के मुखिया व 2009 में यहां के पैक्स अध्यक्ष रह चुके हैं।

निर्विरोध हुआ मकेर प्रखंड प्रमुख एवं उपप्रमुख का चुनाव

अभिषेक कुमार दूसरी बार मकेर प्रखंड के प्रमुख तो मैनेजर साह को पहली बार उपप्रमुख का ताज मिला है। दोनों का निर्वाचन यहां के 12 बीडीसी सदस्यों में से 10 ने निर्विरोध किया। दो सदस्यों ने चुनाव में हिस्सा नहीं लिया। दूसरी बार प्रमुख बने अभिषेक कुमार इंजीनियर हैं। इससे पूर्व 2016 में उन्होंने यह कुर्सी हासिल की थी, जिसे 2021 में भी बचने में सफल रहे। मकेर में पंचायत समिति के 12 पद है, जिसमे से इस वर्ष प्रमुख सहित 6 पुराने सदस्य जीत कर आए। उसी वक्त यह तय हो गया था कि अभिषेक का प्रमुख बनना तय है। वहीं लगातार दूसरी बार भाथा पंचायत से बीडीसी सदस्य निर्वाचित हुए मैनेजर साह को उप प्रमुख का ताज काफी मशक्कत एवं मान मनौवल के बाद मिला।

पानापुर की पुष्पा तो मशरख के रवि प्रकाश बने प्रमुख

पानापुर प्रखंड के निवर्तमान प्रमुख पुष्पा देवी ने अपनी कुर्सी बरकरार रखते हुए दूसरी बार प्रखंड प्रमुख का ताज पहनी। वहीं उपप्रमुख पद पर कुसुम देवी ने जीत दर्ज की। मढ़ौरा एसडीओ योगेन्द्र कुमार ने बताया कि पानापुर में दूसरी बार पुष्पा देवी को प्रमुख पद पर निर्वाचन किया गया और उनको कुल पंद्रह मतों में से नौ मत प्राप्त हुए। वहीं उनके प्रतिद्वंद्वी शोभा देवी को छह मत प्राप्त हुए। यहां की नवनिर्वाचित उपप्रमुख कुसुम देवी को 12 व उनके प्रतिद्वंद्वी सीमा देवी को केवल तीन मत प्राप्त हुए। वहीं मशरक प्रखंड प्रमुख रवि प्रकाश मंटू व उपप्रमुख पद पर रिपू देवी का निर्वाचन हुआ।

दरियापुर में प्रमुख व उप प्रमुख के पद पर नया चेहरा

दरियापुर प्रखंड प्रमुख व उप प्रमुख की कुर्सी पर इसबार नया चेहरा आया। प्रमुख पद के लिए मालती देवी को अप्रत्याशित जीत मिली तो उप प्रमुख की कुर्सी अविनाश कुमार के कब्जे में गया। प्रमुख पद के दो उम्मीदवार जितवारपुर पंचायत की समिति सदस्या मालती देवी व बजहिया पंचायत की समिति सदस्या अनिता देवी ने उम्मीदवारी पेश की। मालती देवी को कुल 28 वोट मिले तो अनिता देवी को मात्र छह मत मिले। जितवारपुर पंचायत की समिति सदस्या मालती देवी को प्रमुख पद पर बड़ी जीत हासिल हुईं। उधर उपप्रमुख पद के लिए दो उम्मीदवार उतरे। नाथा छपरा पंचायत से समिति सदस्य अविनाश कुमार व मुजौना पंचायत के समिति सदस्या सीमा देवी ने नामांकन की। अविनाश कुमार को 24 वोट मिले जबकी सीमा देवी को 10 मत ही मिले। प्रमुख मालती देवी व उप प्रमुख अविनाश कुमार को परसा विधायक छोटे लाल राय व मुखिया राम अयोध्या राय सहित प्रखंड के सभी जनप्रतिनिधियों की जीत पर बधाई दी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।