यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 25, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
यूपी की तरह बिहार में भी बने 'एंटी-रोमियो स्क्वायड': सुशील मोदी
भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री सुशील मोदी ने कहा कि यूपी की तर्ज पर बिहार में भी एक एंटी रोमियो स्क्वॉयड बनना जरूरी है।

पटना [जेएनएन]। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने उत्तर प्रदेश की तर्ज पर बिहार में भी मनचलों पर नकेल कसने के लिए 'एंटी-रोमियो स्क्वायड' बनाने की मांग की है। मोदी ने कहा कि बिहार सरकार से राज्य में महिलाओं और लड़कियों की हिफाजत के लिए 'एंटी-रोमियो स्क्वायड' बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि ऐसे दस्ते के महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा के लिए भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में और स्कूल और कॉलेजों के इर्द-गिर्द तैनात किया जाना चाहिए। मोदी ने कहा कि हाल के दिनों में सड़कों पर महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ बढ़े अपराध को ध्यान में रखते हुए यहां एंटी-रोमियो स्क्वायड बनाना जरूरी है।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी ने एंटी-रोमियो स्क्वायड को कॉलेजों और स्कूलों के आसपास तैनात रहने का निर्देश दिया है।
उधर, भाजपा के वरिष्ठ नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश की तरह बिहार में भी अवैध पशु कत्लखाने बंद करने की मांग सरकार से की थी।
