मीसा भारती की बढ़ सकती है मुश्किलें, जमुई कांड की पीड़िता की तस्वीर वायरल करने के खिलाफ सचिवालय थाने में शिकायत
राष्ट्रीय जनता दल की सांसद मीसा भारती पर जमुई की पीड़ित नाबालिग बच्ची और उसके परिवार की तस्वीर मीडिया में ...और पढ़ें

एफआईआर कराने सचिवालय थाने पहुंचीं भाजपा नेत्री।
HighLights
भाजपा एमएलसी शीला पंडित ने मीसा भारती के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
मीसा भारती पर नाबालिग पीड़िता की पहचान उजागर करने का आरोप है।
सचिवालय थाने में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन सौंपा गया।
जागरण संवाददाता, पटना। जमुई की पीड़ित नाबालिग बच्ची और उसके परिवार की तस्वीर मीडिया के सामने उजागर करने तथा इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने के मामले में राष्ट्रीय जनता दल की सांसद मीसा भारती (RJD MP Misa Bharti) की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
भाजपा की विधान पार्षद (MLC) शीला पंडित ने कानून का उल्लंघन बताते हुए सचिवालय थाना पहुंचकर प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन सौंपा।
थानाध्यक्ष को सौंपे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि राजद नेता एवं सांसद मीसा भारती द्वारा जमुई की पीड़ित नाबालिग बच्ची के परिवार की तथाकथित तस्वीर को इलेक्ट्रानिक मीडिया के समक्ष सार्वजनिक की गई।
पीड़िता की पहचान उजागर करने का आरोप
साथ ही इसे विभिन्न इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर शेयर भी किया गया। भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस से मांग की है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए संबंधित धाराओं के तहत तत्काल प्राथमिकी दर्ज की जाए।
इस प्रतिनिधिमंडल में विधान पार्षद शीला पंडित और भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष निशा सिंह समेत पार्टी की कई प्रमुख महिला नेत्रियां शामिल रहीं।
मीसा भारती भी पहुंची थीं एफआईआर कराने
इससे एक दिन पूर्व मीसा भारती भी आवेदन देने सचिवालय थाने पहुंची थीं। इस क्रम में उन्होंने मीडिया के सामने ही आवेदन फाड़ दिया था। उनका आरोप था कि पुलिस ने उनका आवेदन नहीं लिया।
वे सीएम के आधिकारिक हैंडल से पीड़िता की तस्वीर साझा करने के मामले में कार्रवाई के लिए थाने पहुंची थीं। बताया गया कि इस मामले में सीएमओ के एक स्टेनो पर कार्रवाई की गई है। इसपर विपक्ष ने तंज किया था।
